रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) पूर्वोत्तर परिमंडल प्रभात कुमार बाजपेई बृहस्पतिवार को मोटर ट्रॉली से भोजीपुरा स्टेशन से पीलीभीत तक नवनिर्मित ब्राडगेज ट्रैक का निरीक्षण करेंगे। उनके साथ मुख्य इंजीनियरों की टीम और कई अधिकारी रहेंगे। ट्रैक निरीक्षण के बाद सीआरएस स्पेशल ट्रेन में बैठकर स्पीड ट्रायल करेंगे। अगर सबकुछ ठीक रहा तो पीलीभीत सीधे आगरा और कान्हा की नगरी मथुरा से जुड़ जाएगा।
सीआरएस प्रभात कुमार सुबह 8.15 बजे टीम के साथ अपनी स्पेशल ट्रेन से भोजीपुरा स्टेशन पर उतरेंगे और उनकी ट्रेन सीधे पीलीभीत चली जाएगी। सीआरएस भोजीपुरा स्टेशन से टीम के साथ मोटर ट्रॉली में बैठकर पीलीभीत के लिए रवाना होंगे। अपराह्न दो बजे के लगभग वे पीलीभीत पहुंचेंगे। इस दौरान वे प्रत्येक पुल, पुलिया, सिग्नल, रेलवे फाटक और ट्रैक को बारीकी से चेक करेंगे। अपराह्न 3.45 बजे सीआरएस स्पेशल ट्रेन में पीलीभीत स्टेशन से रवाना होंगे और आधा घंटे में 38 किलोमीटर का सफर तय करके शाम 4.15 बजे भोजीपुरा पहुंच जाएंगे। सीआरएस के साथ मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) संजीव राय, मुख्य इंजीनियर (निर्माण) राम जनम, मुख्य संरक्षा अधिकारी एनके अंबिकेश, मुख्य इंजीनियर (टीएमसी) पीके खुराना, मुख्य सिग्नल एवं दूर संचार इंजीनियर (निर्माण) शाह, इज्जतनगर रेल मंडल प्रबंधक निखिल पांडेय आदि अधिकारी मौजूद रहेंगे। मंडल रेल प्रबंधक निखिल पांडेय ने समपार पार करते समय सतर्कता बरतने की अपील लोगों से की है।