दिल्ली के दंगों में वांछित शाहरुख के मंगलवार सुबह बरेली से गिरफ्तार किए जाने की खबर फ्लैश होते ही हड़कंप मच गया। पुलिस-प्रशासन के अफसर भी चौंक गए लेकिन कुछ ही देर बाद साफ हो गया कि शाहरुख बरेली नहीं बल्कि शामली से गिरफ्तार हुआ है।
एडीजी जोन अविनाश चंद्र ने यह भी साफ कर दिया कि न शाहरुख बरेली आया न उसकी तलाश में दिल्ली क्राइम ब्रांच। दिल्ली पुलिस ने ऐसा कोई इनपुट भी नहीं दिया कि शाहरुख बरेली या बरेली जोन के किसी जिले में छिपा हो सकता है।
दरअसल सनसनी इसलिए भी फैली क्योंकि कमलेश तिवारी हत्याकांड और टेरर फंडिंग जैसे बड़े मामलों के तार बरेली से जुड़ते रहे हैं। चूंकि शाहरुख का पिता साबिर राणा ड्रग्स सिंडीकेट से जुड़ा हुआ है और बरेली में भी फतेहगंज पश्चिमी समेत ड्रग्स की तस्करी के लिए कई इलाके बदनाम हैं, शायद इसीलिए शाहरुख का बरेली से कनेक्शन जोड़ दिया गया।
मंगलवार दोपहर शामली से उसकी गिरफ्तारी के बाद भी जब बरेली से उसकी गिरफ्तारी की खबर फैली तो यहां हड़कंप मच गया। अफसरों के फोन व्यस्त हो गए। शाहरुख प्रकरण में पूरी तरह अनभिज्ञ अफसर काफी देर तक उच्चाधिकारियों और दिल्ली पुलिस से संपर्क साधकर सच्चाई जानने की कोशिश करते रहे।
शाहरुख की बरेली से गिरफ्तारी की अफवाह उड़ाई गई थी। हमारी जानकारी के मुताबिक शाहरुख बरेली नहीं आया। दिल्ली पुलिस या क्राइम ब्रांच भी यहां नहीं आई और न ही बरेली पुलिस से किसी तरह की मदद मांगी गई।
- अविनाश चंद्र, एडीजी बरेली जोन