दिनदहाड़े कचहरी के पास महिला अधिवक्ता बबिता सिंह के गले से बाइक सवार लुटेरे सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। विरोध करने पर लुटेरों ने अधिवक्ता की पिटाई भी की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करलुटेरों की तलाश की जा रही है, लेकिन अभी तक सुराग नहीं मिला है।
थाना सुभाषनगर की ग्वाल टोली निवासी नंद किशोर सिंह की बेटी बबिता सिंह अधिवक्ता हैं। शनिवार की सुबह करीब दस बजे बबिता सिंह कचहरी जाने के लिए शराब गोदाम के पीछे वाली गली से पैदल ही निकली थीं। जब वह कचहरी के पास पहुंचीं तभी सामने से दो बाइकों पर सवार तीन बदमाश सामने आ गए। उनमें से एक के मुंह पर अंगोछा बंधा था। उसने बबिता सिंह के गले पर झपट्टा मारकर चेन तोड़ ली। शोर मचाते हुए बबिता बदमाशों से भिड़ गईं। इस पर बदमाशों ने बबिता की पिटाई कर दी और फरार हो गए। अधिवक्ता ने फौरन कंट्रोल रू म को फोन करके लूट की सूचना दी। दिनदहाड़े कचहरी पर लूट से हड़कंप मच गया। आला अफसरों ने वाहनों की चेकिंग शुरू करा दी। पुलिस लुटेरों का अभी तक सुराग नहीं लगा सकी है।
चाकू दिखाकर महिला के कूंडल लूटे, पर्स छीना
बरेली। चौरासी घंटा मंदिर के पास बाइक सवार बदमाश महिला को चाकू दिखाकर पर्स लूटने के बाद फरार हो गए। पीड़िता ने मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
थाना सुभाषनगर के मढ़ीनाथ निवासी छोटे लाल की पत्नी शांति देवी शुक्रवार की शाम करीब चार बजे रिश्तेदारी में गई थीं। वहां से लौटते समय चौरासी घंटा मंदिर के पास बाइक सवार बदमाशों ने रोककर योगा केंद्र का पता पूछने लगे। इसी बीच एक बदमाश ने कहा कि तुम्हारे बच्चों और पति पर विपत्ति आने वाली है। महिला घबराकर आगे बढ़ने लगी तो बदमाशों ने उसे चाकू दिखाकर पर्स छीन लिया। बदमाश महिला से सोने के कुंडल भी उतरवा ले गए। महिला ने बताया कि उसके पर्स में मोबाइल और ढाई हजार रुपये थे।
बाइक सवार लुटेरों के बारे में पता कराया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से उनकी पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। उम्मीद है कि जल्द की बाइक सवार लुटेरों का पता लगेगा- समीर सौरभ, एसपी सिटी