मढ़ीनाथ की युवती ने लखीमपुर में तैनात दरोगा अमित मिश्रा के खिलाफ शादी का झांसा देकर रेप करने के आरोप में सुभाषनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। शिकायत मिलने पर एसपी सिटी ने इस मामले की जांच की थी।
युवती का आरोप है कि उसके माता-पिता नहीं है। मुरादाबाद में पढ़ाई के दौरान कई साल पहले थाना अलीगंज के सरताजनगर गांव के रहने वाले अमित मिश्रा से उनकी दोस्ती हो गई थी। इसके बाद उसे घर में अकेला पाकर अमित ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाने शुरू कर दिए। दरोगा की नौकरी के बाद अमित के व्यवहार में अचानक बदलाव आया। उसने शादी को कहने पर धमकाना शुरू कर दिया। इसे लेकर उसका अमित से विवाद हो गया। उसने पुलिस के आला अधिकारियों से अमित की शिकायत कर दी। युवती के मुताबिक करीब डेढ़ महीने पहले दरोगा अमित कुमार उसके पास आए। कहने लगे मेरी शिकायत क्यों करती हो। मैं तुमसे शादी करने को तैयार हूं। इसी बीच उन्होंने फिर से उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बना लिए। विरोध करने पर मुंह बंद रखने की धमकी देकर चले गए। पीड़िता ने शिकायत के साथ घटना के समय दरोगा की मौजूदगी के तौर पर उसकी तस्वीर भी लगाई। जांच में यह बात साफ हो गई कि अमित आए थे। एसपी सिटी ने जांच रिपोर्ट में मुकदमा लिखने के निर्देश दे दिए। प्रभारी निरीक्षक सतीश यादव ने बताया कि लड़की पहले कोर्ट में भी दरोगा के खिलाफ वाद दायर कर चुकी है। मेडिकल कराकर आरोपी दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।