भुता। शेखापुर गांव में महिला की हत्या करने के बाद शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया गया। शव करीब छह दिन पुराना बताया जा रहा है। आधे शव को जंगली जानवर खा गए हैं। बिछुए पहने होने की वजह से पुलिस अंदाजा लगा रही कि महिला शादीशुदा थी। आसपास के गांव के लोगों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की गई, लेकिन अब तक उसके बारे में कुछ नहीं मिल पाया है। शेखापुर के जंगल में पश्चिम दिशा में भैंसठा जलालपुर गांव को जाने वाले संपर्क मार्ग पर सड़क के किनारे नत्थू खां के गन्ने के खेत में कई दिन से बदबू आ रही थी। रविवार को भुता पुलिस ने खेत पर जाकर देखा तो लगभग 25 वर्षीय महिला का शव सड़ रहा था। ऊपर के हिस्से को जंगली जानवर नोंचकर खा गए थे। कंकाल ही बचा हुआ था। महिला के कंकाल को कब्जे में लेने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया। सीओ फरीदपुर नीति द्विवेदी ने आसपास के गांव के लोगों को बुलाकर शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिल पाई है। पुलिस भी यही मान रही है कि महिला ही हत्या करने के बाद शव को गन्ने के खेत में डाला गया है। एसओ गौरव सिंह यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टर्माटम के बाद ही पता चल पाएगा कि महिला की मौत कैसे हुई है। जिस खेत में महिला के शव का कंकाल मिला है वहां से पीलीभीत और शाहजहांपुर की सीमा भी लगती है।