भिवानी के चरखी दादरी में गांव आदमपुर युवती हत्याकांड में आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने कई गुप्त ठिकानों पर दबिश दी लेकिन हत्यारोपी का सुराग नहीं लग सका है। पुलिस हत्याकांड की बारीकी से जांच में जुटी है। हत्या के कारणों का दूसरे दिन भी पता नहंीं चल सका है।
शुक्रवार रात गांव आदमपुर में करीब 18 वर्षीय युवती की उसके बड़े भाई ने तेजधार हथियार से हत्या कर दी थी। रात के समय हुई इस घटना के समय लड़की की मां मकान में सो रही थी। मां ने सुबह देखा तो लड़की मृत अवस्था में पड़ी थी। आरोपी हत्या कर रात को ही घर से फरार हो गया था । पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में करवाया था।
थाना प्रभारी देशराज दहिया ने बताया कि रविवार को पुलिस ने हत्यारोपी की गिरफ्तारी को लेकर कई गुप्त ठिकानों पर दबिश दी लेकिन आरोपी का सुराग नहीं लग सका है। हत्याकांड दूसरे दिन भी अनसुलझा बना हुआ है। पुलिस मौके से मिले मोबाइल के आधार पर भी घटना को ट्रेस करने की कोशिश में जुटी है। आरोपी वाहन चलाता है। पुलिस थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। पुलिस घटना से संबंधित तथ्य एवं आवश्यक सबूत जुटा रही है।