अपने पिता के साथ पीड़ित छात्रा
फरीदपुर। शोहदे ने गुंडई की हदें पार कर दीं। एकतरफा प्यार में आए दिन छेड़छाड़ करने से खफा छात्रा ने उसके मुंह पर थूकने को कहा तो वह नाराज हो गया और छात्रा को मुंह तोड़ने की धमकी दे डाली। बुधवार को उसने स्कूल से लौटते समय शोहदे ने सरेराह छात्रा को पकड़ लिया और खेत में खींचकर ले जाने के बाद रेप की कोशिश करने लगा। विरोध करने पर उसने छात्रा के मुंह पर घूंसे मारने शुरू कर दिए। आरोपी ने छात्रा को इतने घूंसे मारे की वह जख्मी होकर गिर पड़ी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप की कोशिश और मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक गांव की नाबालिग छात्रा फरीदपुर इंटर कालेज में 11वीं में पढ़ती है। वह रोज अपने गांव से पैदल हाइवे तक आती है। यहां से टेंपो से फरीदपुर आती है। नाजिम नाम का एक शोहदा काफी समय से छात्रा का पीछा कर रहा था। उसने करीब एक महीने पहले छात्रा के साथ छेड़छाड़ की तो उसने विरोध करते हुए शिकायत कोतवाली पुलिस से कर दी। पुलिस ने कुछ असरदार लोगों के कहने पर समझौता करा दिया। कार्रवाई के नाम पर लड़के का चालान कर दिया गया। भरोसा यह दिलाया कि अब नाजिम कोई हरकत नहीं करेगा। बताते है कि नाजिम ने फिर छात्रा का पीछा करना शुरू कर दिया। इसी बीच नाजिम ने छात्रा को रास्ते में रोककर कहा कि तू अपने को बहुत सुंदर बताती है। इस पर छात्रा ने कह दिया कि तेरे मुंह पर थूकूंगी भी नहीं। यह बात नाजिम को बहुत नागवार गुजरी। उसने कहा कि तेरी तो शक्ल बिगाड़ कर ही दम लूंगा। इससे छात्रा भयभीत हो गई, लेकिन परिवार वालों ने समझाबुझा कर उसे स्कूल भेज दिया। बुधवार की सुबह छात्रा गांव से स्कूल को निकली। छुटटी होने पर वापस घर लौट रही थी। टेंपो से उतरने के बाद छात्रा गांव की तरफ चली कुछ दूर जाने के बाद शोहदा मिल गया। बोला कि आज तेरी शक्ल की बिगाड़ देता हूं। उसने छात्रा को पकड़ कर खेत की ओर खींचकर रेप की कोशिश करने लगा। विरोध करने पर उसने छात्रा के मुंह पर घूंसे ही घूंसे मारने शुरू कर दिए। गंभीर रूप से घायल होने पर छात्रा काफी देर छात्रा के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश करता रहा। छात्रा के शोर मचाने पर मौके पर काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गये। इसी बीच मौका पाकर शोहदा भागने में सफल हो गया। परिवार वाले छात्रा को लेकर कोतवाली ले आए। यहां शोहदे केखिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवा दी। छात्रा का सीएचसी में मेडिकल भी कराया गया है।
नेता की शरण में है शोहदा
छात्रा की शिकायत पर मामूली सी कार्रवाई होने पर शोहदे के हौसले बुलंद हैं। उसे किसी नेता का भी आशीर्वाद भी प्राप्त है। यही वजह है कि वह बार-बार छात्रा के साथ अभद्रता कर रहा था। उसने इतनी हिम्मत कर दी कि छात्रा को सरेराह रोककर पीटना शुरू कर दिया। घटना के बाद से ही आरोपी नेता की शरण में हैं। इसलिए पुलिस के अभी तक हाथ नहीं लग पाया है।
शोहदों का अभिभावकों में भी खौफ
छात्राओं के साथ आए दिन हो रही छेड़छाड़ की घटनाओं से अभिभावकों में भी खौफ है। हाल ही में फरीदपुर में सरेआम एक वैन से दो लड़कियों को उठाने का प्रयास किया गया। इसके अलावा रेलवे फाटक पर स्कूल आते समय छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की कई घटनाएं हुई। पंद्रह दिन पूर्व युवकों में लड़की के पीछे जाने पर विवाद हो गया और चाकू मार कर एक युवक ने दूसरे युवक को घायल कर दिया।
छात्रा के साथ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज करके शोहदे के घर पर दबिश दी गई। उसके रिश्तेदारों के यहां भी दबिश चल रही है, लेकिन अभी वह हाथ नहीं लगा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भिजवाया जाएगा। अख्तर सज्जाद, प्रभारी निरीक्षक,फरीदपुर।