कांकरटोला में पेशे से सुनार विनय वर्मा (27) ने सोमवार शाम को घर की छत पर आग लगाकर खुदकुशी कर ली। विनय की चीख पुकार सुनकर छत पर पहुंचे परिवार वालों ने उनको बचाने की कोशिशें की, लेकिन वह बुरी तरह से झुलस चुके थे। आनन फानन उन्हें निजी डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बारादरी थाने की पुलिस ने पोस्टमार्टम कराना चाहा, लेकिन परिवार वालों ने इंकार कर दिया, हालांकि बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विनय वर्मा के पिता स्व. सतीश चंद की पुराने शहर में सोने की डाई काटने की दुकान है। सतीश चंद की मौत के बाद दोनों भाई दुकान संभालते थे। हाल ही में परिवार ने विनय और उनके भाई विपिन वर्मा की शादी तय कर दी थी। विनय के लिए तिलहर और विपिन के लिए आगरा की लड़की को पसंद किया गया था। दोनों भाईयों की 21 नवंबर को एक साथ शादी होनी थी। बताते हैं कि विनय शादी के लिए तैयार नहीं थे। इसे लेकर परिवार में कुछ दिनों से विवाद भी चल रहा था। सोमवार शाम को दोनों भाई शाम पांच बजे दुकान से वापस लौटे। परिवार के मुताबिक विनय सीधे छत पर चले गए, कुछ देर बाद चीखने की आवाज सुनाई दी तो लोग ऊपर पहुंचे तब तक विनय खुद पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा चुके थे।