बैंक खाते में जमा करने के लिए दी रकम दुकान के एक नौकर ने हजम करने की कोशिश की। कारोबारी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी नौकर को दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर गायब की रकम बरामद भी कर ली गई।
मॉडल टाउन कॉलोनी में रहने वाले रविंद्र सिंह की सिविल लाइंस में गुडविल मशीनरी स्टोर नाम से दुकान है। उनकी दुकान पर संजयनगर निवासी मोहन नौकरी करता था। रविंद्र के मुताबिक मंगलवार को उन्होंने बैंक में जमा करने के लिए मोहन को 50 हजार रुपये लेकर भेजा। आरोप है कि मोहन दुकान से निकलने के बाद बैंक जाने के बजाय अपने घर चला गया और रकम अपनी मां को दे दी। काफी देर इंतजार करने के बाद रविंद्र ने बैंक जाकर पता किया। उन्हें वहां न तो मोहन मिला, और न ही बैंक में रुपये जमा किए गए। रविंद्र की शिकायत पर पुलिस ने तलाश शुरू की कुछ देर बाद मोहन मिल गया। पूछताछ करने पर शुरू में वह रुपये गिरने का बहाना बनाता रहा, लेकिन बाद में उसने रकम अपनी मां को देने की बात उगल थी। उनकी मां ने रुपये किसी दूसरे के पास रख दिए थे। जहां से पुलिस ने करीब 45500 रुपये बरामद कर लिए। कोतवाली में कारोबारी रविद्र की तहरीर पर मोहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस घटना से जुड़े अन्य लोगों से भी पुलिस ने पूछताछ की।