शक्की युवक ने पत्नी को गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। पीड़ित महिला ने पति के खिलाफ थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं दो अन्य मामलों में लड़की समेत दो लोगों के साथ मारपीट की गई।
पुराना शहर गोसाईं गौंटिया निवासी मीना और नरेंद्र शर्मा की शादी हुए करीब डेढ़ दशक बीत गया। उनके तीन बेटियां और एक बेटा है। मीना के मुताबिक उस पर पति शक करता है। इसको लेकर आए दिन घर में झगड़ा होता है। बृहस्पतिवार रात उसे मारा पीटा और जान से मारने को गला दबाने की कोशिश की। घर में मौजूद बच्चों ने बमुश्किल मीना की जान बचाई। मारपीट में मीना के हाथ की दो अंगुलियां फट गईं। शुक्रवार को उसने बारादरी थाने जाकर तहरीर दे दी, जिस पर पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर ली। नवादा शेखान निवासी नरेंद्र शर्मा और उनके भाई प्यारेलाल शर्मा के बीच विवाद चल रहा है। शुक्रवार सुबह कहासुनी होने पर नरेंद्र की बेटी अनीता को चचेरे भाई ने पीटकर जख्मी कर दिया। उसने बारादरी थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज करा दी।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के धौंरेरा माफी निवासी अकरम और आशीष के बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद है। आरोप है कि शुक्रवार दोपहर अकरम को दूसरे पक्ष के आशीष और उसके साथियों ने पकड़कर पीट दिया। पता लगने पर इकट्ठे हुए अकरम पक्ष के लोगों ने आशीष को पकड़ लिया। पता लगने पर पहुंचे चीता मोबाइल के सिपाहियों ने आशीष को छुड़ाया।