Track three coaches of train derail breakdown
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
इफ्को आंवला से यूरिया खाद की रैक लेकर बिशारतगंज आ रही कोरी स्पेशल मालगाड़ी के तीन डिब्बे स्टेशन पर यार्ड पर पटरी से उतर गए। हादसा पटरी के कई जगह से टूटने से हुआ। चालक और गार्ड ने खाद लूट की आशंका से कंट्रोल रूम को सूचना दी तो हड़कंप मच गया। बाद में रोजा से पहुंची रेलवे की टीम ने डिब्बे सीधे कर ट्रैक को साफ किया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
इफ्को से शनिवार सुबह 4.30 बजे कोरी स्पेशल मालगाड़ी यूरिया की रैक बिशारतगंज स्टेशन के लिए लेकर रवाना हुई। मालगाड़ी को चंदौसी होते हुए आगे को रवाना होना था। पश्चिमी क्रासिंग के पास यार्ड में तीन नंबर लाइन पर पहुंचते ही इंजन से छह बोगी पीछे के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। कोच नंबर बीसीएन 53861,47712,18959 पटरी से उतरने से 55 मीटर पटरी भी क्षतिग्रस्त हुई। 30 मीटर रेल पटरी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इससे चार नंबर लाइन भी प्रभावित हुई। मालगाड़ी के चालक एसके.मैसी और गार्ड वीरेंद्र कुमार ने बताया कि केबिन से पहले मोड़ पर कुछ संदिग्ध लोग ट्रैक के किनारे खड़े दिखे थे। मालगाड़ी जाम हो जाने के बाद लगा कि वे खाद चोर थे और उन्होंने ही मालगाड़ी को रोका होगा। उन्होंने स्टेशन मास्टर बीएस यादव को सूचना दी गई। स्टेशन मास्टर ने आरपीएफ को बुला लिया। रेलवे के कंट्रोल रूम मुरादाबाद को सूचना मिलने के बाद रोजा से रेलवे के इंजीनियर सेक्शन की टीम मौके पर पहुंची। मालगाड़ी के बाकी डिब्बो को पटरी से उतरे डिब्बे से अलग किया गया। देर शाम रेल ट्रैक दुरुस्त हो चुका था। रेलवे के उच्चाधिकारियों कका कहना है कि हादसे की जांच कर रही है। हादसे के कारण पश्चिमी क्रासिंग बंद रहा और रम्पुरा-अलीगंज सिरौली मार्ग पर सड़क यातायात प्रभावित हुआ।
मालगाड़ी के तीन डिब्बे यार्ड में पटरी से उतर गए थे। ये किस वजह से उतरे, इसके कारणों की जांच की जा रही है। रेल ट्रैक शाम तक ठीक कर चालू कर दिया गया।
-सत्यवीर, स्टेशन अधीक्षक, बिशारतगंज रेलवे स्टेशन