बहेड़ी। इमामबाड़ा मोहल्ले में हड्डी गोदाम हटाने को लेकर दो पक्षों का झगड़ा सुलटाने गई पुलिस पर महिलाओं ने पथराव कर दिया। चारों ओर से घिर जाने पर चौकी इंचार्ज समेत सिपाहियों को भागना पड़ा। दोबारा दबिश देकर पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लिया है। आरोपी परिवार के 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
टांडा मोहल्ले में रहने वाले मोहम्मद खालिद की शेखूपुरा रोड पर परचून की दुकान है। दुकान के पीछे वाली गली में अब्दुल रऊफ ने बस्ती के बीच पशुओं की हड्डी रखने का गोदाम बना रखा है। गोदाम हटाने को लेकर अक्सर लोग शिकायत करते हैं। खालिद ने भी पिछले दिनों पुलिस से शिकायत की थी। रविवार को दुकान पर बैठे खालिद और वहां पहुंचा रऊफ आमने-सामने आए तो बहस के बाद दोनों में मारपीट शुरू हो गई। खालिद का आरोप है कि थोड़ी देर बाद जब वह दुकान पर बैठा तो रऊफ और उसके परिवार के लोगों ने फिर हमला बोल दिया और उसकी दुकान में तोड़फोड़ कर सामान फेंक दिया।
खालिद तहरीर लेकर थाने पहुंचा। थोड़ी देर बाद नगर चौकी प्रभारी शाहिद चौहान दो सिपाहियों नीलू और साजिद को लेकर आरोपी रऊफ के घर मोहल्ला टांडा पहुंच गए। वहां पुलिस जैसे ही दरवाजा खोलकर अंदर पहुंची तो महिलाओं ने पुलिस पर ताबड़तोड़ पथराव करना शुरू कर दिया। पुलिस को उल्टे पांव भागना पड़ा। मोबाइल पर थाने सूचना दी तो जीप के साथ काफी फोर्स और महिला जवान पहुंच गए। पुलिस ने आसपास के घरों तक में दबिश दी पर पथराव करने वाला कोई नहीं मिला। हालांकि पुलिस रऊफ की मां को थाने ले आई। पुलिस ने मोहल्ले के लोगों से कहा कि रऊफ और पथराव करने वालों को लाकर दो और अपनी मां को ले जाओ।
पुलिस ने खालिद की तहरीर पर रऊफ समेत दस के खिलाफ मारपीट करने, पुलिस पर पथराव करने का मामला दर्ज किया है। रऊफ पक्ष का आरोप है कि बिना वजह दबिश देकर महिलाओं से पुलिस ने अभद्रता की।
झगड़े की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस के साथ अभद्रता की गई है। इस मामले में जांच के बाद सख्ती के साथ कार्रवाई होगी। - अजय श्रोतिया इंस्पेक्टर बहेड़ी