बरेली।
रेल ट्रैक से 77 पेंड्रोल क्लिप निकाले जाने की संवेदनशील घटना के बाद आरपीएफ ने रेलवे के तीन पुलों की सुरक्षा बढ़ा दी है। माना जा रहा है कि खतरे की जद में रामगंगा, बहगुल नदी और नकटिया नदी पर बने पुल हैं। यही वजह है कि आरपीएफ लगातार पेट्रोलिंग करके पुल की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है। इन क्षेत्रों में सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी सक्रिय किए गए हैं।
शुक्रवार को आरपीएफ और रेलवे के अधिकारी बिशारतगंज-रामगंगा स्टेशन के बीच रेल ट्रैक पर छानबीन करने पहुंचे थे। सघन छानबीन के बाद देर रात आरपीएफ की टीम दोबारा ट्रैक पर पहुंची। दरअसल, आरपीएफ को संदिग्ध व्यक्ति की तलाश है, यही वजह है कि आरपीएफ रेल ट्रैक की सुरक्षा को लेकर लगातार सक्रिय है। बता दें कि पेट्रोलिंग के दौरान की-मैन को रेल ट्रैक में लगे पेंड्रोल क्लिप गायब मिले थे। गुरुवार को एटीएस की टीम पहुंचने के बाद सभी 77 पेंड्रोल झाड़ियों से बरामद हो गए थे। कमजोर ट्रैक से मंगलवार चार ट्रेन गुजर गई थी। माना गया कि ट्रेन पलटाने की साजिश रची गई, जो की-मैन की सूझबूझ की वजह से टल गई थी। इस घटना के समाने आने के बाद रेलवे पुलों की सुरक्षा बढ़ाई गई है। कुछ समय पहले रेलवे के पुलों पर हमले का अलर्ट भी जारी हो चुका है।
कोट ------
हमने तीन पुलों की सुरक्षा बढ़ा दी है। मुखबिर तंत्र भी सक्रिय है। लगातार पेट्रोलिंग करके पुलों की सुरक्षा की निगरानी रखी जा रही है। पेंड्रोल क्लिप निकालने वाले रेल ट्रैक की भी जांच कर रहे हैं। - तेज पाल सिंह, थाना प्रभारी आरपीएफ