किला के जरी कारोबारी को अंजान व्यक्ति ने फोन करके तीस लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पहली कॉल करने पर तो कारोबारी मजाक समझ रहे थे। दूसरी कॉल करने के दौरान धमकाते हुए रंगदारी मांगने पर उनके होश उड़ गए। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी है। मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को तहरीर दे दी है।
फतेहगंज पश्चिमी के अगरास गांव के रहने वाले अशोक कुमार गुप्ता का जरी का कारोबार है। उनका परिवार किला इलाके की नीलकंठ कॉलोनी में रहता है। बेटा विवेक गुप्ता और अंकित गुप्ता जरी कारोबार संभालते हैं। शनिवार की रात करीब साढ़े आठ बजे विवेक के मोबाइल पर कॉल आई। कॉल रिसीव होते ही उधर से बोलने वाले का कहना था कि तीस लाख रुपये चाहिए। विरोध करने पर फोन करने वाला जान से मारने की धमकी देने लगा। विवेक उस समय तो उस कॉल को होली की मजाक समझकर भूल गए। रविवार की रात आठ बजे फिर उसी मोबाइल नंबर से फोन आया। कॉल रिसीव होते ही गाली-गलौज करते हुए तीस लाख रुपये की मांग करने लगा। रुपये न देने पर फोन करने वाले ने जान से मारने की धमकी की। कहने लगा कि पुलिस को कुछ बताया तो तुझे जिंदा नहीं छोडे़ंगे। इसके बाद उसने फोन काट दिया। धमकी मिलने के बाद से विवेक परेशान हो गए। उन्होंने अपने परिवार के लोगों ने इस बात को शेयर किया। मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दे दी गई है। प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद कासिम ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। दोषी होने पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
धमकाने वाला नंबर तो विष्णुपाल का है
जिस मोबाइल नंबर से धमकी आ रही है। वह थाना भुता के सब्जपुर गांव के विष्णुपाल के नाम की आईडी पर है। धमकी देने वाले के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है। यह भी हो सकता है कि कोई नए लड़कों का गैंग यह कह रहा हो।