राज्य महिला आयोग की सदस्य डा. रोली तिवारी मिश्रा को सोमवार को फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
राज्य महिला आयोग की सदस्य डा. रोली तिवारी मिश्रा को सोमवार को फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई। सुबह तकरीबन 9:01 बजे उनके मोबाइल पर फोन करने वाले व्यक्ति ने उनसे गालीगलौज भी की।
डा. रोली तिवारी मिश्रा लखनऊ गई हैं। काल करने वाले से जब उन्होंने नाम पूछा तो वह गालीगलौज करने लगा। उन्होंने फोन काट दिया। दस मिनट बाद फिर वही व्यक्ति फोनकर गालीगलौज करने लगा। दोपहर में उसने काटकर टुकड़े टुकड़े कर देने की धमकी दी। डा. रोली ने मामले की जानकारी एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह को एसएमएस से दी। फिर महिला थाना एसओ को फोन पर बताया। पुलिस की पड़ताल में नंबर हरदोई का निकला। फोन भी वहीं से किया गया था। जिस नंबर से कॉल आई वह सिम किसी किशन के नाम पर लिया गया है। एसपी सिटी सुशील घुले ने बताया कि पुलिस टीम उसकी लोकेशन ट्रेस करने में लगी है।
महिला ने अधिवक्ता से मांगी 20 लाख की चौथ
आगरा। अधिवक्ता जितेंद्र सिंह से फोन पर एक महिला ने 20 लाख रुपये की चौथ मांगी है। रकम नहीं देने पर अगवा कर जान से मारने की धमकी दी है। अधिवक्ता ने थाना हरीपर्वत में मुकदमा दर्ज कराया है।
दयालबाग के नगला हवेली निवासी जितेंद्र सिंह 17 मार्च को दोपहर तकरीबन 3:15 बजे दिल्ली गेट पर बाइक की मरम्मत कराने आए थे। तभी उनके मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाली महिला ने अपना नाम अन्नू बताते हुए 20 लाख रुपये की चौथ मांगी। न देने पर अगवा कर जान से मारने की धमकी दी। अगले दिन दोपहर में फिर से कॉल आई। इससे वह दहशत में आ गए। जितेंद्र ने इसकी जानकारी साथी अधिवक्ताओं और पुलिस को दी। पुलिस का कहना है कि कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है। महिला कौन है? और कॉल कहां से किया गया है? इसके बारे में पता लगाया जा रहा है।