कोतवाली इलाके में पुराने रोडवेज बस स्टैंड के पास मोहल्ला बाग बृगटान निवासी फाइनेंस कंपनी के अधिकारी की पत्नी ने फेसबुक फ्रेंड के झांसे में आकर खुद ही चार लाख रुपये की लूट का ड्रामा किया था। पुलिस ने अब तक महिला के खिलाफ कार्रवाई नहीं की है।
मोहल्ला बाग बृगटान निवासी फाइनेंस कंपनी के अधिकारी प्रभाकर मिश्रा की पत्नी गरिमा मिश्रा ने 17 फरवरी की रात लूटपाट की सूचना देकर पुलिस को हैरानी में डाल दिया था। गरिमा के पति रूद्रपुर (उत्तराखंड) में नौकरी करते हैं। वह घटना के दिन रूद्रपुर में ही थे। गरिमा के ससुर भी उस रात बेटे के पास गए हुए थे। पहले दिन से पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही थी।
अमर उजाला ने घटना को लेकर तमाम सवाल खड़े कर दिए थे। गरिमा ने पूछताछ के दौरान बताया कि घटना के दिन देर शाम को उनके बच्चों को पढ़ाने के लिए टीचर आई थी। उसके पीछे से बदमाश उसके घर में आकर छुप गए थे। फील्ड यूनिट की टीम ने भी घटना को संदिग्ध बताया था। पुलिस ने मामले की छानबीन करनी शुरू की तो पता लगा कि गरिमा की फेसबुक पर यूके के ठग ने दोस्ती कर ली थी। वह उससे चैटिंग करता था। दोस्त ने गरिमा को कीमती गिफ्ट आइटम ज्वैलरी, बीस लाख रुपये की करेंसी भेजने की बात कही थी। गरिमा को उसने समझा दिया कि गिफ्ट आइटम और ज्वैलरी लेने के लिए आपको सिक्योरिटी मनी के तौर पर 2,20,000 लाख रुपये जमा करने होंगे। पति और ससुर से छुपाने के बाद गरिमा ने कई बार में यह रकम फोन पर बात करने वाले युवक के खाते में जमा कर दिए। एसपी सिटी समीर सौरभ ने बताया कि गरिमा ने अपना जेवर आरपी ज्वैलर्स के यहां गिरवी रखकर 50 हजार रुपये ले लिए थे। गरिमा ने 28 जनवरी को कुछ जेवर रस्तोगी ज्वैलर्स कटरा चांद खां की दुकान पर भी गिरवी रखे थे। रकम जमा करने के बाद भी गरिमा को गिफ्ट आइटम नहीं मिला तो वह परेशान हो गई। गरिमा ने शाहजहांपुर में रहने वाले जीजा को यह बात बताई। इसके बाद उसने दो लाख रुपये उधार लेकर अपने गिरवी रखे जेवर छुड़ा लिए। ससुर रामकिशोर मिश्रा जैसे ही बेटे के पास रूद्रपुर गए। उसने अपने ही घर में लूट का ड्रामा रचकर पति को फोन कर दिया। छानबीन के दौरान गरिमा का राज खुला को उसके घर हुई लूट की वारदात झूठी निकली। गरिमा के जेवर टैडीवियर के पीछे रखे मिल गए। एसपी सिटी ने बताया कि गरिमा के खिलाफ धारा 128 के तहत कार्रवाई होगी।
इस टीम ने किया खुलासा
सुधीर पाल धामा, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली, चौकी इंचार्ज कुतुबखाना संजय राय, सिपाही योगेश, अरुण कुमार खुलासा करने वाली टीम में शामिल रहे।