नरायण नगला के प्राइमरी स्कूल के शौचालय में स्वास्तिक चिह्न के टाइल्स झगड़े की जड़ बन गया। डेढ़ साल पहले बने इस शौचालय की याद कुछ अभिभावकों अब आई तो वे शिकायत लेकर स्कूल पहुंच गए। हंगामा बढ़ता देख हेडमास्टर के पति ने टाइल्स तोड़ दी। इस पर वे फिर भड़क गए। प्रधान के पति भी स्कूल पहुंच गए। उन्होंने इस पर आपत्ति जताई। अभिभावकों ने स्कूल में मजहबी प्रार्थना कराए जाने का भी आरोप लगाया है।
शनिवार को अभिभावक पहुंचे तो विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष नरायन दास गंगवार और अन्य कार्यकर्ता भी हंगामा करने लगे। हेड मास्टर इरम जैदी के पति और इसी स्कूल में तैनात शिक्षक मुस्तफा ईंट लेकर टाइल्स तोड़ने लगे। ग्रामीणों ने उन्हें रोका तो धक्कामुक्की हो गई। ग्रामीणों का कहना था अफसरों के आने से पहले वह ऐसा नहीं कर सकते। प्रधान के पति हनीफ सैफी ने शिक्षक से जवाब तलब किया तो उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि टाइल्स काफी पहले लगाई गई हैं। टाइल्स मिस्त्री खरीद कर लाया था। दूसरे स्कूल के एनपीआरसी सुरेश झा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया गया इसके बाद एनपीआरसी अनवार अहमद कादरी को बुलवाया गया। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि स्कूलो में होने वाली प्रार्थना के बजाय यहां पर तैनात सटाफ मजहबी प्रार्थना करवा रहा है। इसे लेकर उनकी विहिप कार्यकर्ताओं से कहासुनी भी हो गई। विहिप के परमानंद गंगवार, हिमांशु गंगवार, देवी दास गंगवार, धीरज भोले, विक्की गंगवार, मदन कश्यप ने एसडीएम से इस मामले की शिकायत की है। विहिप के विभाग मंत्री डॉ. नरेंद्र गंगवार ने कहा कि जानबूझकर धार्मिक भावना को भड़काने का प्रयास किया जा रहा है। जरूरत पड़ी तो धरना प्रदर्शन भी किया जाएगा।
अगर ऐसा किया गया है तो गलत है। इस मामले में जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस तरह की लापरवाही किसी भी दशा में बर्दाश्त नही की जाएगी।
ऐश्वर्य लक्ष्मी, बीएसए
ग्रामीणों ने जब मुझे टाइल्स दिखाई थी। यह गलत है। इस तरह की चूक नहीं की जानी चाहिए थी। ग्रामीणों का गुस्सा लाजमी है।
- हनीफ सैफी प्रधान पति