एक कारोबारी के नौकर को बस में लड़की का पीछा करना महंगा पड़ गया। कारोबारी के कहने पर वह शाहजहांपुर से बरेली तक तो पहुंच गया मगर लड़की के पिता ने शक के आधार पर रोडवेज स्टेशन पर उसे धर दबोचा। पहले पीटा फिर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
शाहजहांपुर के एक कारोबारी की बेटी गुड़गांव में नौकरी करती है। वह दिवाली मनाने घर आई थी। बुधवार को वह गुड़गांव जाने के लिए पिता के साथ शाहजहांपुर से रोडवेज बस में सवार हुई। उसी बस में एक युवक उनका पीछा कर रहा था। शक होने पर लड़की और उसके पिता सेटेलाइट से कुछ पहले उतर गए। युवक भी वहीं उतर गया। पिता-पुत्री वहां से ऑटो में बैठकर पुराने बस अड्डा पहुंच गए। उनके पीछे दूसरे ऑटो में युवक भी वहां पहुंचा। वह बस की आड़ में खड़े होकर लड़की पर नजर रखे था। तभी लड़की के पिता ने उसे पकड़ लिया और लोगों की मदद से जमकर पीटा। इसके बाद कोतवाली ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। उसने अपना नाम अवनीश निवासी पड़रा थाना मिर्जापुर शाहजहांपुर बताया। लड़की के पिता की तहरीर पर उसके खिलाफ आपराधिक षड़यंत्र कर घटना करने के लिए पीछा करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
अवनीश ने बताया कि वह शाहजहांपुर के कारोबारी अमरीश दीक्षित के यहां नौकरी करता है। वह जिस लड़की का पीछा कर रहा था वह अमरीश के साथ बरेली में एक यूनिवर्सिटी में पढ़ती थी। करीब तीन साल तक दोनों की दोस्ती रही। साल भर पहले लड़की नौकरी करने गुड़गांव चली गई, जिसके बाद दोनों अलग हो गए। लड़की का पीछा करने के लिए उसे अमरीश ने ही रोडवेज बस में बैठाया था। अमरीश अपनी कार में बरेली आए थे। उसके पकड़े जाने पर अमरीश कहां गया, उसे नहीं मालूम।