The money was taken away from the passbook of another, caught
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
सर्किट हाउस चौराहे के पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से हरदोई के एक युवक ने दूसरे की पासबुक से बीस हजार रुपये निकालने की कोशिश की, लेकिन कैशियर ने उसे पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। आरोपी के पास से निकासी फार्म और पासबुक बरामद हुई है।
बुधवार की सुबह बैंक ऑफ इंडिया में बबलू निवासी ग्राम कुईया, थाना पिहानी, जिला हरदोई पहुंच गया। पुलिस के मुताबिक उसके पास खाता धारक विपिन कुमार के नाम से बीस हजार रुपये निकालने को निकासी का फार्म भरा हुआ था। हाथ में पासबुक थी, जिस पर विपिन के स्थान पर बबलू का फोटो लगा था। बबलू ने जैसे ही पासबुक के साथ निकासी फार्म बैंक अफसरों को दिया, कैशियर को शक हो गया। कैशियर ने अपने डाटा से बैंक की पासबुक पर लगा फोटो देखा तो बदला हुआ था। निकासी फार्म के हस्ताक्षर भी मेल नहीं खा रहे थे। कैशियर ने बबलू से सवाल किए तो वह फंस गया। इस पर उसे बैंक में पकड़कर बैठाकर पुलिस को बुला लिया। चौकी चौराहा चौकी इंचार्ज वीरेंद्र कुमार राणा ने युवक से पूछताछ की। उसका कहना है कि उसे एक हजार रुपये देकर बैंक के बाहर खड़े व्यक्ति ने भुगतान कराकर लाने को कहा था। पुलिस के पकड़े जाने के बाद आरोपी भाग गया होगा। इसके बाद पुलिस अब बबलू के दूसरे साथी की भी तलाश कर रहा है। प्रभारी निरीक्षक कमल कांत वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करके जेल भिजवा दिया है।