बरेली/शाहाबाद (हरदोई)। शाहबाद क्षेत्र में बरेली के युवक की धारदार हथियार से काटकर हत्या करने के बाद शव बबुराई मार्ग किनारे फेंक दिया। पहचान छिपाने के लिए हत्यारों ने युवक के चेहरे को धारदार हथियार से बुरी तरह से काट दिया था। उसकी जेब में बस का टिकट और बरेली के एक बैंक में पैसा जमा करने की रसीद मिली है। जिससे उसकी शिनाख्त हुई।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के बबुराई गांव में सड़क किनारे बृहस्पतिवार सुबह करीब 45 वर्षीय व्यक्ति का शव पड़ा मिला। युवक के शरीर पर हल्के कलर की चौखाना शर्ट व पटरे का अंडरवियर था और पैंट गायब थी। पुलिस को घटनास्थल से 25 मई की शाम पांच बजे का शाहजहांपुर से हरदोई तक का रोडवेज टिकट और बरेली जिले के नवाबगंज स्थित ओरियंटल बैंक की शाखा में जमा की गई 500 रुपये की रसीद मिली है। बैंक रसीद पर जमा करने वाले का नाम नंदराम अंकित है। हत्यारों ने हाथ, पैर काटने के बाद चेहरे को धारदार हथियारों से गोद दिया है। माना जा रहा है कि पहचान छिपाने के लिए चेहरे को छत विक्षत किया गया। एसपी उमेश कुमार सिंह एवं एएसपी पश्चिम नित्यानंद राय भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की हत्या कर शव फेंके जाने की पुष्टि होती है। हत्यारों ने शिनाख्त मिटाने के लिए चेहरे को धारदार हथियारों से गोदा है। घटनास्थल से मिले प्रपत्रों के आधार पर शिनाख्त के लिए पुलिस टीम बरेली रवाना की गई है।