होटल में ठहरे संदिग्ध कश्मीरी और उसके साथी को पुलिस ने चेकिंग के दौरान पकड़ लिया। पुलिस और एलआईयू ने उनसे घंटों पूछताछ की। पहचान पत्र के आधार पर उन्हें छोड़ दिया गया। दोनों ने बताया कि वह मंडी में सेब बेचने आए थे।
पुलिस एयरबेस की सुरक्षा को लेकर इज्जतनगर क्षेत्र में सतर्कता बरत रही है। एसएसपी आरके भारद्वाज के आदेश पर एसओ इज्जतनगर पुलिस ने रविवार को टीम के साथ होटल, ढाबों आदि की चेकिंग की। पुलिस टीम ने डेलापीर स्थित जेएम विस्तार होटल में ठहरे कश्मीरी युवक और उसके साथी को संदिग्ध मानते हुए पकड़ लिया।
उनका सामान आदि चेक किया गया। एसओ सतेंद्र यादव ने बताया कि पकड़े गए कश्मीरी युवक ने अपना नाम फैयाज मल्लाह पुत्र गुलाम मल्लाह निवासी 137 तारजू पोस्ट सूफिया, जम्मू बताया। जबकि उसका साथी नदीम कुरैशी था। दोनों ने अपने पेन कार्ड और पहचान पत्र दिखाया।
इसके आधार पर संबंधित स्थानों से सत्यापन कराया गया तो ठीक पाया गया। दोनों युवकों ने बताया कि वह बरेली मंडी में कश्मीर से सेब की गाड़ी लेकर आए हैं। उधर, होटल मैनेजर वरुन गुप्ता ने बताया कि युवक आईडी देकर शनिवार सुबह साढे़ नौ बजाए आए थे और रविवार को दोपहर बारह बजे चले गए। इसकी सूचना पर आईबी भी सक्रिय हो गई और युवकों के बारे में छानबीन शुरू कर दी।
दो वारंटी समेत एक संदिग्ध युवक गिरफ्तार
चेकिंग के दौरान इज्जतनगर पुलिस ने शनिवार रात वारंटी रतिभावन, मुरली निवासी डेलापीर को गिरफ्तार किया। साथ ही एयरफोर्स गेट के सामने सड़क किनारे खड़े संदिग्ध महेंद्र पाल निवासी डंडिया थाना नवाबगंज को पकड़ लिया। उसके पास से चाकू भी बरामद हुआ। एसओ सतेंद्र यादव ने बताया कि तीनों को जेल भेज दिया गया है।