बड़ों की असावधानी से फिर एक मासूम ने अपनी जिंदगी खो दी। घरवाले बातों में मशगूल रहे और एक साल का बच्चा खेलते-खेलते बाथरूम में चला गया और वहां पानी से भरे टब में गिरकर डूब गया। काफी देर तक वह नहीं दिखा तो तलाश शुरू हुई। उसे बाथटब में देखकर कोहराम मच गया। डाक्टर के यहां ले गए लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घर में कोहराम मचा हुआ है।
लखीमपुर के मोहम्मदी निवासी डा. सलीम खां की शादी मालियों की पुलिया के पास ताज पैलेस मैरिज हाल के निकट रहने वाले ट्रांसपोर्टर बाबू अली खां की बेटी खालिदा के साथ हुई है। इन दिनों खालिदा एक साल के बेटे अरम खां के साथ मायके आई हुई हैं। दोपहर करीब डेढ़ बजे यह दर्दनाक हादसा हुआ। अरम के मामा जफर अली खां ने बताया कि घर में उस वक्त बहन खालिदा, मां, उसकी पत्नी और दो बहनें भी मौजूद थीं। न जाने कब अरम खेलते-खेलते बाथरूम में चला गया। सभी महिलाएं अपना काम कर रही थीं। बहुत देर तक किसी को बच्चे की आवाज नहीं सुनाई दी तो तलाश शुरू हुई। अरम बाथरूम के टब में डूबा मिला। उसे तत्काल निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया लेकिन उसकी मौत हो गई थी। लापरवाही की ग्लानि हर चेहरे पर है। सभी यही कहकर रो रहे हैं कि ध्यान दिया होता तो बच्चा नहीं मरा होता।
तीन बच्चों में सबसे छोटा था अरम
तीन बच्चों में अरम सबसे छोटा बच्चा था। तीनों बच्चे अपनी मां खलीदा के साथ अपनी ननिहाल बरेली अपनी मौसी की शादी में आए थे। खालिदा की छोटी बहन की शादी एक सप्ताह पहले ही हुई थी। घर में मातम पसरा हुआ है।
बरतें सावधानी
छोटे बच्चों पर हर वक्त नजर रखें
बाथरूम का दरवाजा कभी खुला न छोड़ें
स्विच बोर्ड पर टेप चिपका कर रखें
इनवर्टर तक बच्चे न पहुंचें इसका इंतजाम करें
वाशिंग मशीन बच्चों की पहुंच से दूर रखें
किचन में बच्चों को लेकर खाना न बनाएं
बिजली के उपकरण इस्तेमाल के बाद हटाएं