नवाबगंज। कांवड़ जुलूस के रास्ते को लेकर रसूला तालिब हुसैन गांव में मंगलवार को विवाद की स्थिति से पुलिस प्रशासन का टेंशन बढ़ गई। सावन के ठीक एक दिन पहले विवाद की सूचना पर एसडीएम और सीओ पुलिस बल के साथ गांव पहुंच गईं। दोनों समुदाय के लोगों को बैठाकर वार्ता कराई गई। कोई नतीजा नहीं निकला तो बुधवार को दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया गया है।
गांव के इरशाद अहमद, खुर्शीद, राजू, सगीर अहमद, मो. उमर, मो. सलीम और सलामत हुसैन आदि मंगलवार को तहसील पहुंचे। उन्होंने एसडीएम से मुलाकात कर गांव में कांवड़ का जुलूस के रास्ते पर एतराज कर दिया था। उनका कहना था कि कि ईद मीलादुन्नवी के जुलूस के दौरान दूसरे पक्ष ने एतराज कर विवाद खड़ा कर दिया था। पुलिस प्रशासन ने जैसे-तैसे जुलूस दूसरे रास्तों से निकालकर विवाद खत्म कराया था। फिर वही स्थिति बन रही है। सावन के ठीक एक दिन पहले गांव में विवाद की स्थिति को पुलिस और प्रशासन ने गंभीरता से लिया। एसडीएम डॉ. अर्चना द्विवेदी, सीओ इंदुप्रभा सिंह और कोतवाल राजीव कुमार शर्मा गांव पहुंच गए। उन्होंने जुलूस के रास्ते का निरीक्षण किया। दोनों पक्षों को बैठाकर वार्ता भी की। कोई नतीजा न निकलने पर दोनों पक्षों को बुधवार को कोतवाली बुलाया गया है। हालांकि कोतवाल राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि गांव में कोई विवाद नहीं है। बुधवार को कोतवाली में इस मामले में आम सहमति बनाई जाएगी।