थाना इज्जतनगर के अणुपुरा जागीर गांव के किसान हरनाम सिंह का शव खेत में ही फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस के मुताबिक गेंहू और गन्ने की फसल बर्बाद होने से किसान मानसिक रूप से परेशान था। शनिवार की शाम को पत्नी से भी उसका किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार को दे दिया।
ग्राम अणुपुरा जागीर के किसान हरनाम सिंह 48 के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी। उनकी गन्ने और गेहूं की फसल भी अच्छी नहीं हुई। शनिवार की शाम को पत्नी त्रिलोकी देवी ने कोई ऐसी बात कह दी जो हरनाम सिंह को खराब लग गई। इसी तनाव में हरनाम सिंह ने गांव के पड़ोस में ही खेत में खड़े पापुलर के पेड़ से लटककर जान दे दी। परिवार वाले रात भर हरनाम सिंह को तलाशते रहे, लेकिन उनका पता नहीं लग पाया।
रविवार की सुबह खेतों के निकले किसानों ने हरनाम सिंह के शव को पापुलर के पेड़ से लटका देखा तो गांव में शोर मच गया। हरनाम सिंह का बेटा अपने साथियों के साथ पिता के शव को उतारकर घर ले आया। सूचना पर कार्यवाहक एसओ विनोद कुमार मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की तो बेटा दूसरी कहानी सुनाने लगा। बेटे का कहना था कि पता नहीं कैसे उनके पिता की मौत हो गई। बाद में उसके दोस्तों से जानकारी की गई तो सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया। सीओ तृतीय एएसपी आकाश तोमर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार हरनाम की मौत लटकने से हुई है। पारिवारिक कलह और आर्थिक तंगी की वजह से उसने आत्महत्या की है।
बेटे की शादी टलने से परेशान था
-परिवार में पत्नी त्रिलोकी के अलावा 3 बेटी और 3 बेटे को छोड़ गए। 24 अप्रैल को दूसरे बेटे की शादी होनी थी जो कि आर्थिक तंगी से टल गई। बताया जाता है कि किसान की आर्थिक स्थिति ज्यादा खराब थी। जिस कारण गृह क्लेश भी होता रहता था। इस तरह मानसिक तनाव को किसान सह नहीं पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया।