The agreement has not escaped desperado
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
शीशगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की कक्षा आठ की छात्रा के साथ कॉलेज के ही 12वीं के छात्र ने छेड़छाड़ की। विरोध पर आरोपी ने उसे जमीन पर गिराकर पीटा और तमंचा दिखाते हुए मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। हादसे के बाद छात्रा अर्द्धवार्षिक परीक्षा दिए बगैर ही घर लौट गई। रविवार को आरोपी छात्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
शीशगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की 14 साल की नाबालिग छात्रा गांव सहोड़ा के एक शिक्षण संस्थान में आठवीं कक्षा में पढ़ती है। इन दिनों कॉलेज में छमाही परीक्षाएं चल रही हैं। शनिवार सुबह लड़की घर से कॉलेज पेपर देने जा रही थी। आरोप है कि गांव के ही युवक मुनीश कुमार पुत्र नत्थूलाल ने उसे दबोच लिया और छेड़छाड़ करने लगा। छात्रा के विरोध पर वह हाथापाई पर उतर आया और गालीगलौज करते हुए लड़की को जमीन पर गिराकर रेप की कोशिश की। लड़की के शोर मचाने पर राहगीर पहुंचे तो उसने पीड़िता की कनपटी पर तमंचा लगा दिया और भाग गया।
सूचना पर यूपी 100 की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी तब तक भाग चुका था। डरी सहमी छात्रा घर पहुंची और अपने पिता को पूरी आपबीती सुनाई। पीड़ित बिटिया को लेकर उसका पिता शीशगढ़ थाने पहुंचा, लेकिन प्रकरण यूपी 100 पुलिस की डायरी में दर्ज हो चुकने की दलील देते हुए थाना प्रभारी ने शनिवार को रिपोर्ट लिखने से मना कर दिया। रविवार को पूरे दिन गांव में समझौते का दौर चला, लेकिन बात नहीं बनने पर थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। आरोपी छात्र की तलाश में पुलिस ने दबिश दी, लेकिन वह पकड़ से बाहर बताया जा रहा है।