नवाबगंज। चौपला बस्ती स्थित मस्जिद में बुधवार सुबह घुसे युवक ने पिता के अपमान का बदला ेकर इमाम पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के कई वार से इमाम लहूलुहान हो गया। उसने किसी तरह वहां से भागकर जान बचाई। युवक की दबंगई से मस्जिद परिसर में दहशत फैल गई। बाद में वह खुद थाने पहुंच गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर बाप-बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हाफिजगंज के लाड़पुर गांव के मौलाना इकबाल रजा इमाम मस्जिद में मस्जिद में थाना हैं। आरोप है कि दो दिन पहले किसी बात को लेकर बस्ती के छोटन ने इमाम के चेहरे पर कालिख लगा दी थी। उन्हें बुरा भला भी कहा था। इससे बस्ती के लोग नाराज हो गए। मंगलवार सुबह आठ बजे लोगों ने छोटन को पकड़कर पीट डाला। इमाम इकबाल रजा ने भी उसे दो-तीन चप्पलें जड़ दी थीं। सार्वजनिक तौर पर छोटन की पिटाई देखकर उसके बेटे शाहिद उर्फ मुन्ना का खून खौल गया। वह मंगलवार पूरे दिन इमाम पर हमला करने की फिराक में घूमता रहा लेकिन उसे मौका नहीं मिल पाया। बुधवार को इमाम फज्र की नमाज पढ़ाने के बाद मस्जिद की आरामगाह में लेटे थे। तभी मुन्ना मस्जिद में घुस गया। उसने इमाम पर चाकू से ताबड़तोड़ कई प्रहार कर दिए। लहूलुहान इमाम ने शोर मचाया इधर-उधर भागने लगे। भीड़ जुटने पर मुन्ना फरार हो गया। सूचना मिलते ही मस्जिद के मुतवल्ली अली हुसैन, हाजी परवेज अंसारी, मोहम्मद इस्लाम, वसीम अंसारी, इसरार अहमद, अलीसेन, तौकीर आदि भी आ गए। इधर, हमलावर शाहिद उर्फ मुन्ना खुद ही कोतवाली पहुंच गया। वहां उसने कोतवाल को बताया कि उसने इमाम पर चाकू से हमला किया है। इमाम ने सार्वजनिक रूप से उसके पिता की बेइज्जती की थी। उसने बदला लिया है, वह उस पर कार्रवाई कर सकते हैं। आरोपी के इकबाले जुर्म से एकबारगी कोतवाल और पुलिस स्टाफ भी हैरत में पड़ गए। तत्काल ही उसे हिरासत में ले लिया गया। इस बीच घायल इमाम को लेकर लोग थाने आ गए तो पूरी स्थिति साफ हो गई। कोतवाल राजीव शर्मा ने बताया कि मस्जिद के पेशे इमाम कारी इकबाल अहमद ने तहरीर दी है कि हमलावर शाहिद उर्फ मुन्ना के साथ उसका पिता छोटन भी आया था। दोनों के विरुद्ध जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मुन्ना को गिरफ्तार कर लिया गया है, उसके पिता की तलाश की जा रही है। घायल इमाम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया जहां से बरेली के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
बस्ती के लोगोें में गुस्सा
मस्जिद के इमाम पर जानलेवा हमला किए जाने से बस्ती के लोगों में गुस्सा है। मुतवल्ली अली हुसैन, हाजी मोहम्मद परवेज अंसारी, वसीम, इकरार, तौकीर, अलीसेन आदि ने घटना की निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।