कोतवाली में तहरीर देने के लिए आए पीड़ित।
कृषि विभाग में संविदा पर तैनात दो कर्मियों को मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भिसौड़ी गांव के सामने बुधवार की शाम एक बाइक पर सवार तीन लुटेरों ने तमंचे के बल पर दस हजार नगदी, मोबाइल आदि लूट लिया। सकलडीहा उपसंभाग तैनात दोनों कर्मी अपनी ड्यूटी समाप्त कर वाराणसी स्थित अपने घर की ओर जा रहे थे। सूचना पाकर एएसपी शशिकांत तिवारी, सीओ चिरंजीव मुखर्जी समेत कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ ने बताया कि तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है।
वाराणसी के भदहां कलां गांव निवासी प्रदीप कुमार और बरथरा कलां निवासी बृजेश कुमार सिंह कृषि विभाग चंदौली के सकलडीहा उपसंभाग में संविदा कर्मी हैं। बुधवार की शाम सकलडीहा कार्यालय से अपना कार्य समाप्त कर बाइक से वे भूपौली पड़ाव मार्ग से होते हुए घर जा रहे थे। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के भिसौड़ी के सामने बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनकी बाइक को ओवरटेक करके रोका और तमंचे से डराकर मोबाइल, सोने की चेन, एक लैपटाप और दस हजार नगद लूट लिये। इसके बाद पीड़ित संविदाकर्मियों ने कोतवाली पहुंचकर घटना के बाबत तहरीर दी।