-
- पोस्टमार्टम में जहरीले पदार्थ की आशंका के साथ विसरा सुरक्षित
- डॉक्टर ने हड्डियों का नमूना सुरक्षित किया, डीएनए टेस्ट होगा
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। डोहरा मोड़ के पास कूड़े के ढेर में लगी आग के बीच एक युवक की लाश देखे जाने पर लोगों ने पुलिस को खबर दी। पुलिस ने आग बुझाकर लाश बाहर निकाली और पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। बुरी तरह जल जाने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्या करने के बाद युवक की लाश को जलते कूड़े के ढेर में फेंका गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। वहीं जांच में सामने आया कि देर रात किसी व्यक्ति ने यहां आग लगाई थी। इससे युवक की हत्या कर लाश को जलाने की कोशिश के संदेह को और बल मिल रहा है।
डोहरा मोड़ के पास कूड़े के ढेरों को अक्सर जलाया जाता है। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह के मुताबिक सोमवार सुबह 300 से 400 मीटर के एरिया में कूड़े के ढेर में आग लगी मिली थी। कुछ देर बाद लोगों ने उसमें एक लाश देखी। सूचना पर पहुंचे रुहेलखंड पुलिस चौकी के दरोगा सिद्धार्थ उपाध्याय ने उतने हिस्से की आग बुझवाकर लाश को बाहर निकलवाया। शिनाख्त के लिए आस-पास के लोगों को बुलाया गया। लेकिन लाश के बुरी तरह जल जाने के कारण आसपास के लोग उसकी शिनाख्त नहीं कर सके। पुलिस ने कूड़े में सुराग ढूंढने का प्रयास किया, ताकि वहां हुए घटनाक्रम की जानकारी मिल सके, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिली।
एक अंजान आदमी की थी मौजूदगी
पुलिस ने आस-पास के लोगों से पूछताछ की तो सामने आया कि एक अंजान व्यक्ति ने यहां देर रात आग लगाई थी। रात में विकराल आग लगी देखकर लोग आशंकित हुए थे, लेकिन बुझाने की कोशिश नहीं की गई थी। इसके बाद सुबह लाश देखे जाने पर पुलिस को बताया गया।
लखनऊ जाएंगे हड्डियों के नमूने
लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हत्या की आशंका के बीच डॉक्टरों के मुताबिक मौत की असल वजह स्पष्ट नहीं लेकिन जहर के लक्षण की आशंका के साथ विसरा सुरक्षित किया गया है। शिनाख्त के लिए हड्डियों के नमूने रखे गए हैं। उन्हें विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ भेजा जा रहा है। पुलिस की प्राथमिकता में युवक की शिनाख्त है। सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी भी जांची जा रही है। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह के मुताबिक इस आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है कि किसी ने हत्या करने के बाद लाश को यहां फेंका हो। अब छानबीन के बाद कुछ कहा जा सकता है।