कस्बे का एक कोयला व्यापारी ठगी का शिकार हो गया। उसे रामपुर में किसी और की जमीन दिखाकर बतौर बयाना छह लाख रुपये ठग लिए। शक होने पर जब उसने रकम वापस मांगी तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने शिकायत एसएसपी व डीएम रामपुर से की गई है। लेकिन अभी तक ठग पकड़ में नहीं आए।
कस्बा के मोहल्ला शरीफ नगर के मो. यासीन कोयला व्यापारी है। उन्होंने एसएसपी रामपुर को दिए गए प्रार्थनापत्र में कहा है कि इरफान रसीद उर्फ मुंशी ने मिलक रामपुर बाईपास हाईवे से मिली हुई ढाई बीघा जमीन बेचने की पेशकश की। बताया कि जमीन शमशुद्दीन पुत्र वली मोहम्मद निवासी नवदिया थाना मिलक जिला रामपुर की है। ठग उसे मिलक में ही शमशुद्दीन के पास भी ले गए। ठग ने बाईपास पर ले जाकर किसी और की जमीन दिखाकर उसका सौदा 15 लाख 50 हजार प्रति बीघा के हिसाब से सौदा करवा दिया। उसने इसमें साझेदारी की भी बात कही। इसके बाद 6 लाख की नकदी का बयाना कर स्टांप पेपर लिखवा दिया। बैनामा कराने की तारीख नियत कर दी। लगभग पांच दिन बाद व्यापारी को कुछ शक होने पर जमीन की जानकारी की तो हकीकत सामने आ गई। उसने जब बयाने में दी गई रकम वापस मांगी तो उसे जान से मारने की धमकी दी।