रिछा के डीएसआर पब्लिक स्कूल में प्रधानाचार्य की पिटाई से घायल छात्र की मौत हो जाने के मामले में डीएम संजय कुमार ने बुधवार को मजिस्ट्रेटी जांच का आदेश दिया। जांच के लिए उन्होंने एसडीएम बहेड़ी को नामित करते हुए उन्हें सात दिनों में अपनी रिपोर्ट देने को कहा है।
डीएम ने बताया कि मीडिया की मार्फत मंगलवार को यह प्रकरण उनके संज्ञान में आया। पता चला है कि प्रधानाचार्य की पिटाई से घायल छात्र आराज को स्कूल के शिक्षक बहेड़ी के एक निजी अस्पताल में ले गए थे। उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे डाक्टरों ने वहां से बरेली के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद शिक्षक छात्र को भोजीपुरा के एसआरएमएस अस्पताल ले गए जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी बीच घटना की खबर मिलने पर छात्र के पिता नसीम अस्पताल पहुंचे तो वहां मौजूद शिक्षकों के हाथ-पैर फूल गए। डर से वे वहां से खिसक लिए। नसीम किराये पर एंबुलेंस लेकर बच्चे का शव अपने गांव ले गए। नसीम का आरोप है कि स्कूल में उनके तीन बच्चे पढ़ते हैं। वह उनकी फीस वे जमा नहीं कर पाए थे। इसी पर नाराज होकर प्रधानाचार्य ने आराज की पिटाई की जिससे उसकी मौत हो गई।