मंगलवार को तड़के बरेली पुलिस का नेटवर्क फेल हो गया। लुटेरे सुमंगलम ढाबे से ट्रक लूटकर भागे और बेखौफ होकर टोल प्लाजा से लूटा गया ट्रक लेकर निकल गए। पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग पाई।
पुलिस की अब तक की छानबीन में पता लगा है कि ट्रक लूटने के बाद लुटेरों में पुलिस का जरा भी खौफ नहीं था। लुटेरे ने पहले फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा पार किया। यहां के बाद मुरादाबाद के मूंढापांडे वाले टोल प्लाजा से बाईपास पर ट्रक लेकर निकल गए। दोनों ही टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों में ट्रक की तस्वीर साफ नजर आ रही है। लुटेरों की तस्वीरें भी सीसीटीवी फुटेज से निकलवाने की कोशिश की जा रही है। संभावना यह है कि ट्रक लूटकर ले जाने वाला लुटेरों का गैंग मेरठ या हरियाणा का ही है। एसएसपी आरके भारद्वाज का कहना है कि विवेचना की जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा भी किया जाएगा।