Religious organizing non-traditional The people did not
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
गुसाई गौटिया में एक धार्मिक स्थल के पास धार्मिक आयोजन पर दूसरे समुदाय की आपत्ति से तनाव की स्थिति बन गई। दोनों पक्षों के दर्जनों लोग सड़क पर उतर आए और हंगामा शुरू हो गया। जोगी नवादा और जगतपुर की पुलिस ने पहुंचकर लोगों को शांत करवाया। उन्हें बारादरी थाने पर बातचीत के लिए लाया गया। जहां धार्मिक आयोजन को यथावत करवाने पर रजामंदी बन गई।
एक पक्ष का कहना था कि यहां धार्मिक आयोजन नई परंपरा है। पहले कभी यहां आयोजन नहीं हुआ, जबकि दूसरे पक्ष का कहना था कि हर साल आयोजन होता आया है। इस बार विवाद के चलते आपत्ति की गई है। बारादरी थाने में भी करीब डेढ़ घंटे चले हंगामे के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत करवाया। एहतियातन धार्मिक स्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया है। बताते चलें कि गुसाई गौटिया में एक धार्मिक स्थल का निर्माण चल रहा है। उसमें बिजली के कनेक्शन को लेकर पहले भी विवाद हुआ है। दूसरे समुदाय के लोगों ने गुरुवार को धार्मिक आयोजन किया था, जिसके बाद निर्माणाधीन धार्मिक स्थल पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। कहा गया कि यह धार्मिक आयोजन नई परंपरा है। इसे रोका जाए। विवाद बढ़ता देखकर दोनों पक्षों से बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।