पेट का इलाज कराने पहुंची युवती को नौकरी का झांसा देकर डॉक्टर और उसके दोस्त ने इंटरव्यू के बहाने मैरिज लॉन में ले जाकर बलात्कार किया। युवती की शिकायत पर सुभाषनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
शहर कोतवाली क्षेत्र की एक युवती ने बताया कि उसके पेट का इलाज चल रहा है। वह 15 फरवरी को अल्ट्रासाउंड कराने के लिए बदायूं रोड स्थित डॉ. दीपक गुप्ता के क्लीनिक पर पहुंची। यहां उसे डॉक्टर का दोस्त रेता बजरी का कारोबार करने वाला ऋषि मिला, जिसने कहा कि डॉक्टर से उसकी अच्छी दोस्ती है, वह उसकी क्लीनिक पर नौकरी लगवा देगा। युवती का कहना है कि ऋषि ने नौकरी की बातचीत के करने लिए 16 फरवरी को सुबह दस बजे क्लीनिक पर उसे बुलाया। वह पहुंची तो पहले डॉ. दीपक ने उसका अल्ट्रासाउंड किया। इसके बाद ऋषि ने कहा कि नौकरी के लिए तुम्हारा इंटरव्यू चंद्रवती बैंकट हॉल में होगा। युवती के मुताबिक यह कहते हुए ऋषि उसे सफेद रंग की कार में बैंकट हाल में ले गया। दूसरी मंजिल पर बने कमरे में उसे बंधक बना लिया गया और विरोध करने पर धमकी दी। जिससे वह उसका विरोध नहीं कर सकी और उसके साथ ऋषि ने बलात्कार किया। इसके बाद डॉ .दीपक ने भी मृत्यु का भय दिखाकर उसके साथ बलात्कार किया। शुक्रवार को युवती ने सुभाषनगर थाने पहुंचकर तहरीर दी। इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने बताया कि युवती की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साथ ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
डॉ.दीपक ने कहा, ऋषि को खुद फोन करती थी युवती
डॉ. दीपक ने अपने को बेकसूर बताया है। उसका कहना है कि ऋषि की युवती से काफी दिन से जान पहचान थी और वह खुद ही उसे फोन करके बुलाती थी। वहीं ऋषि ने भी आरोप गलत बताया है, उसका कहना है कि जान पहचान के बाद ही वह युवती से मिलता झुलता था। बलात्कार का आरोप गलत है।