एसवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. संदीप इंदवार दुष्कर्म और मारपीट के मामले में फंस गए हैं। उन पर परीक्षा में कक्ष निरीक्षक बनाने का झांसा देकर एक महिला से दुष्कर्म करने का आरोप है। पुलिस ने जांच के बाद उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बारादरी थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला का आरोप है कि वह और डॉ. संदीप इंदवार पहले एक ही कॉलोनी में रहते थे। महिला के पति को ब्रेन ट्यूमर हो गया तो डॉ. संदीप उसके घर आने-जाने लगे और काफी मदद भी की। इसके बाद नजदीकियां बढ़ीं तो महिला की स्थिति देखकर डॉ. संदीप ने कॉलेज में होने वाली विभिन्न परीक्षाओं में उसे कक्ष निरीक्षक का काम देने की बात कही ताकि उसकी आजीविका सही से चलने लगे। महिला का कहना है कि इसी बीच डॉ. संदीप न उसे झांसे में लेकर शारीरिक संबंध बना लिए। अप्राकृतिक कृत्य भी किया, मगर साल भर बाद ही मारपीट और शोषण करना शुरू कर दिया। इसके बाद महिला ने उच्च अधिकारियों से शिकायत की तो उसके आरोपों की जांच कराई गई। इंस्पेक्टर कोतवाली ने बताया कि शुक्रवार को महिला की तहरीर पर डॉ. संदीप के खिलाफ दुष्कर्म, अप्राकृतिक संबंध बनाने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोपों में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। डॉ. संदीप से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनका फोन नहीं उठा।