मथुरा जवाहर बाग के मुख्य आरोपी और थाना बारादरी थाने में घुसकर पुलिस से मारपीट करने के आरोपी रामवृक्ष यादव के साथी जिला कन्नौज के रहने वाले दो और आरोपियों ने वारंट के विरुद्ध न्यायालय में समर्पण किया। जिन्हें चालीस हजार रुपये के व्यक्तिगत बंधनामा और नीयत तिथि पर न्यायालय में उपस्थित होने की अंडरटेकिंग पर रिहा कर दिया।
कन्नौज के मकरंदनगर निवासी रामौतार और खामा निवासी कैलाश सिंह, कंचन सिंह की ओर से वारंट निरस्त किए जाने का अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शक्ति सिंह के समक्ष आवेदन किया। जिसमें तर्क दिया गया कि आरोप पत्र दाखिल होने के बाद कभी भी उन्हें सम्मन या सूचना न्यायालय से तारीख की नहीं मिली। उन्होंने जानबूझकर न्यायालय में उपस्थित होने में चूक नहीं की है। इनमें से कंचन सिंह कोर्ट में उपस्थित नहीं हुआ। उसकी ओर से अधिवक्ता ने तर्क दिया कि वह अस्पताल में भर्ती है। इसलिए वह कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सकता है। शक्ति सिंह ने कंचन सिंह का प्रार्थनापत्र निरस्त करते हुए उसके खिलाफ वारंट जारी किए जाने का आदेश किया।