शराब माफिया अब तस्करी के लिए ट्रेन का भी इस्तेमाल करने लगे हैं। हरियाणा से तस्करी कर लाई गई अंग्रेजी शराब भारी मात्रा में इलाके में खपाई जा रही है। शुक्रवार सुबह तस्करों ने माधौपुर क्रासिंग पर भटिंडा से गोरखपुर जा रही 04924 स्पेशल ट्रेन की चेन पुलिंग कर हरियाणा उतार दी और भाग गए। आबकारी टीम ने 27 पेटियों में रखी व्हिस्की की 252 बोतलें बरामद होने का दावा किया है।
आबकारी निरीक्षक एसजी मिश्रा ने शुक्रवार सुबह दल-बल के साथ माधौपुर रेलवे क्रासिंग पर छापा मारा। पटरियों के पास हरियाणा की 252 बोतल शराब कई कार्टून में रखी मिली। हालांकि शराब तस्कर मौके पर नहीं मिले। स्टेशन मास्टर रमेश चंद्रा ने बताया कि हरियाणा से आ रही 04924 डाउन स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन शुक्रवार सुबह 6.56 बजे भिटौरा रेलवे स्टेशन से गुजरी थी। यहां इसका स्टापेज नहीं है। माधौपुर फाटक पर कितनी देर रुकी थी, इसका ब्योरा अगले स्टेशन से ही मिल पाएगा। बताया गया कि कई शराब माफिया अक्सर ट्रेन को यहां रुकवाकर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब यहां उतरवाते रहे हैं। पंचायत चुनाव में इसी तरह ट्रेन से तस्करी कर लाई गई हरियाणा की अंग्रेजी शराब भारी मात्रा में यहां खपाई जाती रही है। लोगों ने बताया कि माधौपुर फाटक के अलावा खरगपुर के सामने सतुइया क्रासिंग पर भी ट्रेनों, ट्रकों से अंग्रेजी शराब उतरती रही है। आबकारी अधिकारी एमएल द्विवेदी ने बताया कि इस तरह की तस्करी जिले पहली बार पकड़ी गयी है। तस्करी से लायी गयी शराब कीमत चार लाख रुपये आंकी गयी है।
आबकारी निरीक्षक ने बताया कि तस्करों की या तो ट्रेन के ड्राइवर-गार्ड से गहरी सांठगांठ रहती है, या फिर चेन पुलिंग कर ट्रेनें रुकवाई जाती हैं। बाद में आबकारी टीम ने भिटौरा पुलिया के पास बबलू मौर्य के जूते-चप्पलों के स्टोर में भी छापा मारा और ताले तोड़कर तलाशी ली लेकिन कुछ मिला नहीं। स्टोर मालिक छापे की भनक लगने पर पहले ही भाग गया।