दरगाह आला हजरत पर चादरें चढ़ाने आ रहे मस्जिद के इमाम और भऊआपुर गांव के 10-12 लोगों को नई परंपरा डालने की बात कहते हुए कुछ लोगों ने रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद मारपीट की गई और चादरें थामे बच्चों को भी पीटा गया। हमलावर इमाम को जंगल उठा ले गए और उसे पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। बाद में इमाम को उठाकर भीड़ थाने ले आई और रिपोर्ट दर्ज कर हमलावरों को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इंस्पेक्टर कैंट ने भीड़ को रिपोर्ट लिखकर आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया। घायल इमाम को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
कैंट इलाके के गांव भऊआपुर से 10-12 लोग बृहस्पतिवार को चादरें लेकर पैदल दरगाह आला हजरत आ रहे थे। इनके साथ बिथरी चैनपुर के गांव मनपुरिया दलेल की मस्जिद के इमाम मुहम्मद मोबीन रजा भी थे। आरोप है कि रास्ते में इन लोगों को ट्रैक्टर-ट्राली और ऑटो में भरकर आए करीब 40-50 लोगों ने घेर लिया और नई परंपरा डालने की बात कहते हुए चादरें छीनने लगे।
विरोध किया तो लाठी डंडों से पिटाई शुरू कर दी। बड़ों के साथ चादरें थामे बच्चों को भी जमकर पीटा। बाकी लोग तो जान बचाकर भाग निकले लेकिन हमलावरों ने इमाम को पकड़ लिया और उठाकर जंगल में ले गए जहां उन्हें जमकर पीटा गया। उनके दोनों पैरों और हाथों और शरीर में काफी चोटें आईं।
उनके बेहोश होने के बाद हमलावर भाग गए।
बाद में लोग इकट्ठे होकर इमाम को जंगल से उठाकर थाने लाए और रिपोर्ट लिखने की मांग करते हुए थाने को घेर लिया। सूचना पर पहुंचे एलआईयू इंस्पेक्टर एमपी सिंह ने उच्चाधिकारियों को पूरे मामले सेे अवगत कराया। इंस्पेक्टर कैंट रामवीर सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी करने का आश्वासन देकर भीड़ को शांत किया। इसके बाद इंस्पेक्टर पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे। एहतियातन गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
00
पुलिस पहरे में आए चादरें चढ़ाने
हंगामा खत्म होने के बाद इंस्पेक्टर ने लोगों से दरगाह पर जाकर चादरें चढ़ाने को कहा। इस पर लोग दरगाह की ओर चल दिए। सुरक्षा के लिहाज से इंस्पेक्टर ने दरोगा राम रतन सिंह यादव और दो सिपाहियों को उनके साथ भेजा।
00
कुछ लोगों ने नई परंपरा डालने की बात कहते हुए इमाम की पिटाई कर दी थी। जख्मी इमाम का मेडिकल कराया गया। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। -रामवीर सिंह, इंस्पेक्टर कैंट