थाना इज्जतनगर के मोहरनिया गांव में प्रधानपति जालंधर सिंह यादव ने लाइसेंसी रायफल से 26 वर्षीय चचेरे भाई देवेंद्र सिंह यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। गोलीबारी में उसके चाचा मनोहर समेत चार लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। गांव में तनाव है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई लेकिन प्रधानपति फरार हो गया। पुलिस ने मामले में प्रधान पति समेत सात लोगों को नामजद करके कुछ लोगों को उठाया है।
मोहरनिया गांव के जालंधर सिंह यादव की पत्नी चंद्रमुखी यादव गांव की प्रधान हैं। चंद्रमुखी ने अपने चचिया ससुर दुर्गा प्रसाद को हराकर चुनाव जीता था। दुर्गा प्रसाद के बेटे देवेंद्र सिंह यादव और चंद्रमुखी के परिवार में तभी से रंजिश चल रही है। दोपहर करीब ढाई बजे देवेंद्र सिंह यादव और 50 वर्षीय चाचा मनोहर यादव खेत पर थे। इसी बीच ताऊ के लड़के जालंधर यादव के भाई रंगा यादव और अन्नू यादव ने उनके खेत की मेड़ काट ली। इसे लेक र चारों में खेत पर ही कहासुनी होने लगी। खेत पर काम करने वाले किसानों ने दोनों पक्षों को समझाकर घर भेज दिया। एक-दूसरे को देखने की धमकी देते हुए दोनों पक्षों के लोग घर चले आए। विवाद की जानकारी पर प्रधान पति जालंधर यादव वैगनआर से गांव पहुंचे तो देवेंद्र यादव अपने पिता पूर्व प्रधान दुर्गा प्रसाद और चाचा मनोहर यादव के साथ घर के बाहर बैठे थे। आरोप है कि प्रधान पति ने अपनी लाइसेंसी रायफल से देवेंद्र को निशाना बनाकर सीने में गोली मार दी। गोली लगने पर देवेंद्र मौके पर ही ढेर हो गया। इसके बाद जालंधर ने दूसरी गोली चलाई तो चाचा मनोहर की कनपटी पर जा लगी। वह भी बुरी तरह जख्मी हो गए। चीख पुकार सुनकर उन्हीं के परिवार के 30 वर्षीय श्रीपाल यादव को भी गोली लग गई। दुर्गाप्रसाद मौके से नहीं भागते तो वह भी मारे जाते। इसी बीच प्रधान पक्ष के लोगों ने तमंचों से भी गोली चलाई। इसमें मनोहर और उसकी दस साल की बेटी अनीता को छर्रे लग गए। परिवार वाले पुलिस को सूचना देने के बाद देवेंद्र, मनोहर और अनीता को निजी अस्पताल ले आए। यहां डॉक्टरों ने देवेंद्र को आते ही मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल मनोहर और उनकी बेटी का निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। एसपी सिटी समीर सौरभ ने भी निजी अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। सीओ तृतीय आकाश तोमर ने बताया कि दुर्गाप्रसाद की तहरीर पर प्रधान पति जालंधर यादव, उसके पिता नंदे यादव, भाई नौबत सिंह यादव, अनिल यादव, बेटा धीर सिंह, भतीजा वीर सिंह यादव और चचेरे भाई लालू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी पक्ष के जो लोग मौके पर बताए गए हैं, उन्हें से कुछ को उठा लिया है।