सेटेलाइट बस अड्डे पर बस से उतरते हुए एक यात्री की जेब काटते हुए एक बदमाश पब्लिक की निगाह में आ गया। भागने की कोशिश की तो शहामतगंज चौकी इंचार्ज ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। पता चला कि मंगलवार को पेशी पर आए जेबकतरे ने चौकी चौराहा और सेटेलाइट पर जेब काटी थी। उससे एक लाख की बरामदगी हुई। उसने पुलिस को बताया कि वकील की फीस देने के लिए वह हर पेशी पर आते वक्त रास्ते में लोगों की जेब काटता था।
एटा निवासी मुकेश कुमार के खिलाफ चोरी का मुकदमा चल रहा है जिसकी पेशी में वह कोर्ट में आता था। बारादरी थाने की पुलिस को मुकेश ने बताया कि वकील की फीस भरने के लिए उसने पॉकेटमारी का रास्ता ढूंढ लिया था। वह एटा से बरेली के बीच बस और आटो में यात्रियों की जेब काटता था। मंगलवार को चौकी चौराहा पर ऊन व्यापारी की जेब काटने के बाद मुकेश नकटिया तक चला गया। यहां से रोडवेज की बस में बैठकर फिर सेटेलाइट की तरफ चल दिया। बस में पीलीभीत निवासी शब्बीर की जेब काटने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहा। लेकिन सेटेलाइट पर उतरने के दौरान मुकेश ने शब्बीर की जेब काट दी मगर लोगों ने उसे देख लिया। लोगों को चिल्लाते हुए मुकेश के पीछे दौड़ते देख सेटेलाइट चौराहे के पास दरोगा रविकरन ने उसे पकड़ लिया। पुलिस को मुकेश के पास से एक लाख रुपये की रकम मिली। पुलिस मान रही है कि उसका एक साथी और था जो पेशी पर उसके साथ आया था।