हाईवे पर मथुरापुर चौराहे से बैगनआर कार में विकास भवन कर्मी की बेटी के साथ बियर पीते दो दोस्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकतें करने के आरोप में मुकदमा लिखकर चालान कर दिया। कार से दो बियर के टिन और चिप्स से पैकेट बरामद हुए हैं। बुधवार की दोपहर को थाना बारादरी के तुलसीनगर का रहने वाला मनोज कुमार अपने दोस्त हरिओम मिश्रा निवासी सुरेश शर्मा नगर के साथ बैगनआर कार से सुभाषनगर इलाके में रहने वाले विकास भवन के कर्मचारी की बेटी को लेकर सीबीगंज की तरफ निकला था। लड़की बरेली कॉलेज में बीए की छात्रा है। दोनों लड़कों ने हाईवे किनारे मथुरापुर चौराहे पर कार खड़ी कर दी थी। एक लड़की के साथ बैठकर बियर पी रहा था। दूसरा दुकानदार से समोसा खरीद रहा था। इसी बीच प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कार में बैठे लड़का - लड़की को रंगेहाथ पकड़ लिया। दुकान पर समोसा खरीद रहे उनके साथी ने भागने की कोशिश की तो उसे पुलिस कर्मियों ने दौड़ाकर दबोच लिया। पुलिस तीनों को थाने ले आई। तीनों के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकतें करने के आरोप में मुकदमा लिखकर चालान कर दिया। पुलिस के मुताबिक लड़की कोचिंग में मनोज के मामा के लड़के अतुल के संपर्क में आया था। उसी के जरिए लड़की मनोज के संपर्क में आई थी। बाद में अतुल ने मनोज से लड़की की मुलाकात कराई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तीनों के खिलाफ कार्रवाई कर दी गई है।