आठ दिन पहले अगवा किए गए गंगाशील मेडिकल कालेज के छात्र के परिवार से एक करोड़ की फिरौती फर्जी आईडी के सिम से मांगी गई थी। जिस आईडी के सिम से फिरौती मांगी गई, वह हरदोई (शाहबाद) के रिटायर्ड फौजी के नाम से है लेकिन उसे चला कोई दूसरा रहा है। पुलिस टीमें खाली हाथ बैरंग लौट आईं। अपहरणकर्ता इतने शातिर हैं कि पुलिस को लगातार चकमा दे रहे हैं। अपहृत छात्र का आठवें दिन भी सुराग नहीं लगा।
गंगाशील मेडिकल कालेज में बीएएमएस द्वितीय वर्ष के छात्र अनुराग सिंह को 30 अप्रैल को शाहजहांपुर के निगोही रोड पर सैनिक नगर स्थित घर से अगवा कर लिया गया था। उसके मोबाइल की आखिरी लोकेशन उसी रात 11.30 बजे हरदोई में मिली थी। पुलिस ने जब सिम की आईडी पता कि तो वह शाहबाद तहसील के गांव उजरामऊ निवासी रिटायर्ड फौजी शिवशंकर की निकली। शिवशंकर के नाम से सिम का इस्तेमाल अपहरणकर्ता कर रहे थे। सिम की आईडी फर्जी निकलने के बाद पुलिस टीमों ने हाथ खड़े कर दिए हैं। अपहरणकर्ता अनुराग के परिवार के किसी सदस्य के मोबाइल पर फोन नहीं कर रहे हैं। अपहरण और एक करोड़ फिरौती मांगने की बात सिरे से नकारने वाली पुलिस को फिलहाल इस मामले की तह तक पहुंचने का कोई क्लू नहीं मिल रहा।
‘मेडिकल छात्र अनुराग के अपहरण मामले में पुलिस की टीमें लगी हुई हैं। जब तक केस की तह तक नहीं पहुंच जाते, तब तक इस हम कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।’ समीर सौरभ, एसपी सिटी