10 गाड़ियों में लगाए जाएंगे दो-दो अतिरिक्त कोच
नवंबर के पहले और दूसरे सप्ताह में लंबी दूरी की ट्रेनों पर ज्यादा दबाव है। नियमित ट्रेनें पहले से फुल हैं। विशेष गाड़ियों में भी कन्फर्म टिकट मुश्किल हो रहा है। ऐसे में रेलवे ने अप-डाउन 10 ट्रेनों में दो-दो अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। अतिरिक्त कोच के बाद ज्यादा संख्या में यात्रियों के वेटिंग टिकिट कन्फर्म हो सकेंगे।
मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि 04014-13 आनंद विहार-लौकहा बाजार विशेष ट्रेन में एक से 14 नवंबर तक, 04028-27 आनंद विहार मुजफ्फरपुर विशेष गाड़ी में तीन से 14 नवंबर तक एसी द्वितीय और तृतीय श्रेणी का एक-एक कोच लगाया जाएगा।
04209-10 वाराणसी-दिल्ली विशेष गाड़ी में दो से 14 नवंबर तक, 04616-15 फिरोजपुर-पटना विशेष गाड़ी में तीन से 11 नवंबर तक और 04668-67 अमृतसर-बरौनी विशेष ट्रेन में एक से 17 नवंबर तक एसी तृतीय श्रेणी के दो-दो कोच लगाए जाएंगे।
त्योहारी सीजन में पीईटी, रेलवे रोडवेज का भी होगा इम्तिहान
त्योहारी सीजन में रेलवे व रोडवेज की व्यवस्थाओं का भी इम्तिहान होगा। दरअसल, 25, 30 अक्तूबर और एक नवंबर को उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) का आयोजन होगा। तीन दिन दो-दो पालियों में आयोजित होने वाली परीक्षा में विभिन्न जिलों के 62 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होंगे।
शहर के 23 केंद्रों पर पहली पाली में परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली में अपराह्न तीन से शाम पांच बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में 10 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होंगे। हरदोई, सीतापुर, फर्रुखाबाद, लखनऊ, लखीमपुर समेत अन्य जिलों के अभ्यर्थी परीक्षा देने बरेली आएंगे। रोडवेज के दोनों बस अड्डों का हाल किसी से छिपा नहीं है। जंक्शन पर भी यात्रियों की संख्या के लिहाज से व्यवस्थाएं नाकाफी हैं।
परिवहन निगम मुख्यालय ने परीक्षा के दौरान सभी रूटों पर बसों के संचालन और बस अड्डों पर व्यवस्थाएं मुकम्मल रखने के निर्देश दिए हैं। अब तक स्थानीय स्तर पर इसके लिए काम शुरू नहीं किया गया है। रुहेलखंड डिपो के एआरएम अरुण कुमार वाजपेयी ने बताया कि समय रहते सभी व्यवस्थाओं को पूरा कर लिया जाएगा।