National highway collides with a tree overturned AC bus
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
दिल्ली से बरेली आ रही रोडवेज की एसी बस भोर में जीटीआई के सामने असंतुलित होकर पेड़ से टकराने के बाद कई पलटे खाते हुए पलट गई। चालक बस से कूदकर भाग गया। बस में बैठी सवारियाें में चीख पुकार मच गई। दुर्घटना में दर्जन भर से अधिक सवारियां घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची यूपी 100 डायल ने सभी घायलों को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
दुर्घटना शनिवार सुबह सवा चार बजे बरेली-दिल्ली नेशनल हाईवे पर सीबीगंज जीटीआई के पास हुई। बरेली डिपो की एसी बस दिल्ली से बरेली आ रही थी। बस जीटीआई के पास पहुंचकर असंतुलित होकर पलट गई। जिस समय यह दुर्घटना हुई तो बस में सवार अधिकतर लोग सोए हुए थे। दुर्घटना में सीबीगंज की नेहा शर्मा पुत्री मनोज शर्मा सीबीगंज आने पर उतरने की तैयारी कर रही थी। उसने अपना बैग आदि सामान उठाया था ही था कि अचानक बस पलट जाने से वह भी घायल हो गई। इसके अलावा बस में सवार उत्कर्ष, सय्यद अब्बास, प्रियंका, दिनेश चंद्रा, सुमित, कनक शर्मा, इन्नू शर्मा आदि घायल हो गए। प्रभारी निरीक्षक सीबीगंज गणेश दत्त जोशी ने बताया कि सभी घायलों को बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया। उत्कर्ष की हालत नाजुक देखते हुए उसे एसआरएमएस में इलाज के लिए ले जाया गया। इसके साथ ही बस में सवार अन्य सवारियों को पीछे से आई दूसरी बस में शिफ्ट कर उनके गंतव्य के लिए भेज दिया गया।