मॉडल टाउन गुरुद्वारा से सामान निकाले जाने को लेकर रविवार सुबह दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे काफी देर तक हंगामा होता रहा। इस दौरान गुरुद्वारा कमेटी पर कुछ लोगों ने सामान चुपचाप बेचे जाने का आरोप लगा दिया। मामला बढ़ता देख पुलिस ने सामान लदा ट्रैक्टर कब्जे में लेकर सीज कर दिया। पुलिस के मुताबिक मॉडल टाउन गुरुद्वारा कमेटी के चुनाव को लेकर विवाद चल रहा है। पिछले दिनों यह मामला डीएम के पास पहुंचा था। उनके निर्देश पर एसडीएम सदर ने आठ अगस्त को आदेश जारी कर महीने भर में गुरुद्वारा कमेटी का चुनाव कराने को कहा था। रविवार सुबह करीब दस बजे गुरुद्वारा के सामने गेट पर खड़े ट्रैक्टर-ट्राली में दो अलमारी लदी थीं। तभी वहां पहुंचे मॉडल टाउन के ट्रांसपोर्टर अमरजीत सिंह उर्फ पिंका सिंह ने गुरुद्वारा का सामान चोरी से ले जाने का आरोप लगकर पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंचे चीता मोबाइल के सिपाही अलमारी समेत ट्रैक्टर-ट्राली चौकी पर ले गए। फिर चौकी में तमाम लोग इकट्ठे हो गए और काफी देर तक हंगामा होता रहा। इस बीच चौकी इंचार्ज आरएस सिद्धू मौके पर पहुंच गए और बमुश्किल समझाकर लोगों को शांत किया। गुरुद्वारा कमेटी की प्रधान बीबी जसपाल कौर के मुताबिक एक सितंबर को गुरुग्रंथ साहब का प्रकाश पर्व है। इसकी तैयारी में गुरुद्वारे में साफ सफाई चल रही है। इसी दौरान टूटा-फूटा कुछ सामान ट्रैक्टर-ट्राली में रख दिया था। तभी वहां पहुंचे अमरजीत सिंह उर्फ पिंका सिंह और उनके सात-आठ साथियों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस को भी सूचना दे दी गई। जबकि उन्हें डीएम के आदेश का पालन करना चाहिए। उधर, अमरजीत सिंह उर्फ पिंका ने बताया कि गुरुद्वारा की दो अलमारी कबाड़ में बेचने के इरादे से ट्रैक्टर-ट्राली में सरदार नरेंद्र सिंह के घर भेजी जा रही थीं। गुरुद्वारा के सामने से गुजरते समय उन्होंने देखा तो विरोध किया। वह गुरुद्वारा कमेटी में जनरल सेक्रेटरी रह चुके हैं।