बरेली। उत्तराखंड के टनकपुर से चार दिन पहले अपनी प्रेमिका नर्स से मिलने आए सभासद मुकेश कुमार साहू का पता नहीं चल पा रहा है। वह कहां हैं, इसका जवाब उनकी प्रेमिका के पास भी नहीं है। हालांकि, सभासद के मोबाइल की लोकेशन बरेली में ही मिल रही है। निजी अस्पताल में नौकरी करने वाली नर्स के साथ सभासद लिव इन रिलेशनशिप में रहते थे। टनकपुर पुलिस ने नर्स से कई घंटे पूछताछ की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
टनकपुर के वार्ड संख्या सात के सभासद मुकेश साहू चार दिन पहले शारदा चुंगी स्थित घर से दुकान के लिए निकले और गायब हो गए। उनकी 11 फरवरी को हल्द्वानी की लड़की से शादी होनी है। लापता होने के बाद परिवार वाले बेहद परेशान हैं। उन्होंने सभासद के अगवा होने का मुकदमा लिखा दिया है। पुलिस के मुताबिक, निजी अस्पताल में नौकरी करने वाली नर्स और सभासद लिव इन रिलेशनशिप में पिछले पांच साल से रह रहे थे। शादी का पता लगने पर नर्स ने ही मंगलवार शाम को सभासद को फोन कर बुलाया था। नर्स की काफी देर तक फोन पर उनसे नोंकझोंक भी हुई थी। उसका कहना था कि शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के बाद दूसरी जगह विवाह कैसे कर सकते हो। नर्स का फोन आने के बाद से परिवारवाले बेहद परेशान थे। एसपी डीएस कुंवर ने बृहस्पतिवार को पुलिस टीम बरेली भेज दी। टीम लीडर उपनिरीक्षक अनुराग सिंह ने बरेली कोतवाली पुलिस के साथ नर्स के बारे में छानबीन की तो मालूम हुआ कि उसने सभासद के खिलाफ यौन शोषण का आरोप लगाते हुए तहरीर दे रखी है। लड़की से मिलने के लिए सभासद बरेली आए थे। टनकपुर पुलिस ने नर्स को बुलाकर भी कई घंटे पूछताछ की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। नर्स का कहना है कि उसे सभासद के बारे में कोई जानकारी नहीं है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुधीर पाल धामा ने बताया कि सभासद कार्रवाई के डर से भी गायब हो सकते हैं। टनकपुर पुलिस को उनका पता नहीं लग पाया है।
सभासद के दोस्तों से भी बात कर रही है नर्स
टनकपुर कोतवाल बीसी शर्मा का कहना है कि सभासद के मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन बरेली मिली है। जिस फोन से युवती और अन्य व्यक्ति बात कर रहा है, उसकी आईडी भी लखनऊ के किसी व्यक्ति की है। बरेली में जिस नर्स से सभासद के संबंध बताए जा रहे हैं, वह बरेली और टनकपुर में रहती थी। नर्स सभासद के दोस्तों से भी बात कर रही है। उसके पास सभासद के दोस्तों के नंबर कहां से आए, इस बात का भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है।