फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिविल लाइंस में सराफ से दो लाख लूटे

Thu, 30 Mar 2017 01:19 AM IST
बरेली।  
विज्ञापन
Looted two lakhs of gold in civil lines - फोटो : बरेली, अमर उजाला
विज्ञापन
पुलिस को चुनौती देकर बदमाशों ने वीआईपी इलाके सिविल लाइंस में दिनदहाड़े लूट कर दी। शाहजहांपुर के सराफ सुधीर कुमार टंडन से सरेबाजार बाइक सवार दो बदमाशों ने दो लाख रुपये से भरा ब्रीफकेस लूट लिया। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा तो एसपी सिटी समीर सौरभ, सीओ प्रथम सतीश कुमार सहित कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शहर की नाकेबंदी की गई मगर बदमाश हाथ नहीं आए। कोतवाली में लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।    
विज्ञापन

 मकान नंबर 123 सुनहरी मस्जिद शाहजहांपुर निवासी सुधीर कुमार टंडन सराफ हैं। बुधवार सुबह 11 बजे वह अपने पोते कुशाग्र टंडन के साथ गुवाहाटी एक्सप्रेस से बरेली जंक्शन पहुंचे। उनके पास एक काले रंग का ब्रीफकेस था। वह सिविल लाइंस स्थित चार्टर्ड टंडन एंड कंपनी के कार्यालय पहुंचे। सीए ने उन्हें बैंक में रिटर्न फाइल करने के लिए कहा। वह सिविल लाइंस स्थित एक्सेस बैंक पहुंचे। बैंक में चेक के जरिए 23 हजार 580 रुपया का रिटर्न भरने के बाद वह रिक्शा करके वापस चार्टर्ड अकाउंटेंट के ऑफिस आ रहे थे। ब्रीफकेस दोनों टांगों के बीच में रखा था, हैंडल हाथ से पकड़ रखा था। बटलर बाजार के पास भारत पैट्रोल पंप के ठीक सामने उनके रिक्शा को पीछे से काली रंग की बाइक पर सवार दो बदमाशों ने टक्कर मारी। सराफ गिरने से बचे। उन्होंने ब्रीफकेस छोड़कर अपने पोते को पकड़ लिया। बदमाश मौके का फायदा उठाकर ब्रीफकेस लूटकर अयूब खां की तरफ भाग निकले।
लूट के बाद सराफ एक स्कूटर सवार की मदद से बदमाशों का पीछा किया। बिशप मंडल मैदान के पास पीवीआर 148 खड़ी मिलने पर उसे लूट की सूचना दी गई। पीवीआर अयूब खां तक पहुंची, लेकिन इसके बाद बदमाश किस तरफ भागे तस्दीक नहीं हो सका। एसपी सिटी ने जनपद में नाकाबंदी की। काले रंग की बाइक की चेकिंग हुई, लेकिन बदमाश पकड़े नहीं जा सके।  सराफ ने बताया कि ब्रीफकेस में 12 पासबुक, चेकबुक, दस्तावेज और करीब दो लाख रुपया नई करेंसी थी।
विज्ञापन


टाइम लाइन 
11.00 - सराफ जंक्शन पर उतरे 
11.45 - सीए के कार्यालय पहुंचे
2.42 - एक्सेस बैंक पहुंचे 
2.59 - बैंक से बाहर निकल गए 
3.20 - बाइक सवारों ने लूट लिया 

तो बैंक के अंदर 17 मिनट में हुई लूट की रेकी
सराफ से दो लाख रुपये सरेआम लूट होने से पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है। पुलिस बदमाशों की सटीक रेकी का तौर तरीका समझने का दावा कर रही है। सराफ को शाहजहांपुर से बरेली में आए सिर्फ चार घंटे हुए थे। जंक्शन से वह सीधे चार्टर्ड अकाउंटेंट के कार्यालय और फिर बैंक गए। पुलिस के अनुसार बैंक में बिताए गए 17 मिनट के दौरान ही उनकी रेकी हुई होगी। बैंक की सीसीटीवी फुटेज में महरून रंग की शर्ट पहने संदिग्ध युवक नजर आ रहा है। अब पुलिस उसकी तलाश कर रही है। सीसीटीवी में सराफ पोते के साथ अंदर आते हुए नजर आ रहे हैं। अंदर आने के बाद पोते को ब्रीफकेस के साथ सोफे पर बैठाकर काउंटर नंबर छह पर गए। उन्हें बैंक में रचित रस्तोगी से मिलना था। इस दौरान कुशाग्र ने खेल-खेल में दो बार ब्रीफकेस खोला था। रुपया का बंडल अंदर की जेब में रखा हुआ था। करीब चार मिनट बाद सराफ ने कुशाग्र को केबिन के अंदर बुला लिया। सराफ के पीछे एक महरून रंग की शर्ट पहने युवक अंदर दाखिल हुआ। जिसने निकासी स्लिप ली, लेकिन भरी नहीं। फुटेज में वह आठ मिनट तक इधर-उधर टहलता हुए मोबाइल पर बात करता हुआ नजर आ रहा है। पुलिस महरून शर्ट वाले युवक की तलाश कर रही है। अशोका फोम, ग्लोरी स्वीट सहित अयूब खां चौराहा पर लगे सीसीटीवी की फुटेज जांची जा रही है। 
 
पोते को बर्गर खिलाने ले जा रहे थे 
कक्षा तीन का छात्र कुशाग्र फीनिक्स मॉल में बर्गर खाने की जिद पर बरेली आया था। सुधीर ने पोते को सागर रत्ना रेस्टोरेंट में खिलाने का वादा करके चार्टर्ड अकाउंटेंट के कार्यालय में रखा अपना सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान लूट हो गई। 

पुलिस के सामने तीन रोड़े 
-काले रंग की बाइक किस कंपनी की थी, सराफ पहचान नहीं सके।  
-बदमाशों के चेहरे भी उन्हें याद नहीं, बस इतना कह रहे हैं कि पीछे बैठे बदमाश ने धारीदार की शर्ट पहनी थी।  
-अयूब खां से किस तरफ बदमाश भागे यह भी ट्रेस नहीं हो सका। 

गार्ड थे लेकिन बंदूक नहीं 
बैंक के बाहर कैश की वैन खड़ी थी, जिस पर दो गार्ड तैनात थे। बैंक के बाहर सुरक्षा में तैनात गार्डों के पास बंदूक नहीं थी। कोतवाल कमल कांत ने बैंक प्रबंधन को निजी सुरक्षा गार्डों के पास बंदूक नहीं रखने पर नाराजगी जताई।
विज्ञापन


बैंक की सीसीटीवी की मदद से बदमाशों को ट्रेस किया जा रहा है। जल्द उन्हें पकड़ लिया जाएगा। लूट का मुकदमा कोतवाली में दर्ज किया गया है। 
-समीर सौरभ, एसपी सिटी 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें