होंडा सिटी कार में सवार लुटेरों ने लिफ्ट देकर लकड़ी कारोबारी से 62 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित मुक दमा लिखाने के लिए दोनों थानों में गया, लेकिन पुलिस ने उसे हड़काकर भगा दिया।
नवाबगंज की नई बस्ती के रहने वाले कदीर की अपने घर के पास और बदायूं के ककराला में लकड़ी की टाल है। शनिवार की सुबह 11.30 बजे कदीर रोडवेज बस में सवार होकर बदायूं से 62 हजार रुपये का पेमेंट लेकर घर आ रहा था। पुराने रोडवेज बस अड्डे से ऑटो रिक्शा में सवार होकर वह सेटेलाइट आ गया। वह बस से इंतजार में खड़ा था। इस दौरान होंडा सिटी कार उसके पास आकर रुकी। उसमें चालक समेत चार लोग सवार थे। दो लोग पीछे बैठे हुए थे। कार में सवार लोगों ने कदीर से पूछा कहां जाना है। उसने नवाबगंज जाने को कहा तो कहने लगे हम पीलीभीत जा रहे हैं बैठ जाओ चलते हैं। कदीर होंडा सिटी में कार में झट से बैठ गए। कार से चलते ही पिछली सीट पर बैठे लोगों ने उसके साथ धक्का-मुक्की करनी शुरू कर दी और जेब काटकर रुपये निकाल लिए। विरोध करने पर मारपीट करने लगे। इतना ही नहीं लुटेरों ने खजुरिया मोड़ के पास कार से नीचे फेंक दिया। लुटने के बाद कदीर वापस सेटेलाइट आए। उन्होंने सिपाहियों से अपने साथ हुई घटना के बारे में बताकर रिपोर्ट लिखाने की गुहार की। यहां रिस्पांस नहीं मिला तो पुराने रोडवेज बस अड्डे पहुंच गए। वहां सीसीटीवी फुटेज देखकर लुटेरों के बारे में पता लगाने की कोशिश की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। बाद में कोतवाली जाकर मुकदमा लिखाने की कोशिश की, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। आखिर में कदीर ने सेटेलाइट वापस आकर सीएनजी पंप के ऑफिस में जाकर सीसीटीवी फुटेज दिखाने की गुजारिश की, उन्होंने इंजीनियर न होने की बात कहकर वापस कर दिया।