मीरगंज इलाके के एक गांव की छात्रा को कस्बे के सिरौली चौराहे से दो दिन पहले कालेज छोड़ने के बहाने दरिंदे ने अगवा कर लिया। रात भर उसके साथ दुराचार किया गया। घरवालों ने दूसरे दिन छात्रा को कस्बे के एक घर से बरामद कर लिया है। छात्रा की तहरीर पर पुलिस ने दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
16 वर्षीया लड़की कस्बे के एक इंटर कालेज में बारहवीं क्लास में पढ़ती है। 11 जुलाई की सुबह वह अपनी बड़ी बहन के साथ कालेज जा रही थी। बताया जा रहा है कि रास्ते में छात्रा के गांव का ही इफ्तिखार और इसी गांव निवासी उसका दोस्त तौफीक बाइक से उसी दिशा में जाते मिले। आरोप है कि इफ्तिखार ने कालेज छोड़ देने का बहाना कर छात्रा को अपनी बाइक पर बैठा लिया। बड़ी बहन घर चली गई। कालेज छोड़ने के बजाय इफ्तिखार और उसका साथी छात्रा को लेकर भाग निकले। छात्रा की बड़ी बहन ने घर आकर परिवार वालों को उसके बाइक में जाने की खबर की। कालेज पता किया गया तो वह नहीं पहुंची थी। इसके बाद छात्रा की खोजबीन शुरू हुई। घरवालों ने जानकारी के आधार पर मंगलवार को कस्बे के मोहल्ला सराय खाम में एक तांगे वाले के घर की तलाशी ली तो वह मिल गई। हालांकि आरोपी मौके से फरार हो गया। घरवालों के मुताबिक छात्रा ने बताया कि इफ्तिखार ने उसके साथ रात में बलात्कार किया। इसके बाद परिवार के लोग बुधवार को छात्रा को लेकर थाने आए। छात्रा की तहरीर पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। लड़की को मेडिकल जांच के लिए भेजने की तैयारी है।
जानकारी मिली है कि आरोपी पीड़िता के परिवार के ही घर में किराये पर रहता है और वहीं झोलाछाप की तरह दुकान खोलकर लोगों का इलाज करता है। दोनों एक दूसरे के परिचित हैं। बताते हैं कि किशोरी अपनी मर्जी से ही आरोपी के साथ गई है। हालांकि किशोरी पक्ष की दी हुई तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- सत्येंद्र सिंह, थानाध्यक्ष