थाना किला के कुंवरपुर तलैया में युवकों में मामूली झगड़े के बाद दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव हुआ। माहौल बिगड़ने पर भारी तादाद में पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों पक्षों की भीड़ को खदेड़कर बमुश्किल पुलिस ने स्थिति को संभाला। पुलिस के आला अफसरों ने एहतियातन मौके पर फोर्स तैनात करके इलाके के जिम्मेदार लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों के लोगों को समझाने की अपील की है।
मोहल्ला कुं वरपुर तलैया के दो युवक अजहर और उसका साथी वाल्मीकि बस्ती से होकर निकल रहे थे। उनका दूसरे समुदाय के डैनी और उसके साथी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस पर दोनों पक्षों के युवकों में मारपीट भी हुई। दोनों जब अपने अपने घर पहुंचे और घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे तलवारों से लैस होकर पहुंचे तो दूसरे पक्ष ने भी मोर्चा संभाल लिया और पथराव करने लगे। करीब बीस मिनट तक दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चलते रहे। इससे गलियां ईंट-पत्थर से पट गईं। बवाल की जानकारी मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। सीओ सिटी प्रथम सिद्धार्थ वर्मा, इंस्पेक्टर किला मोहम्मद कासिम के बाद आसपास के थानों की फोर्स भी मौके पर पहुंच गई। बाद में एसपी ट्रैफिक ओपी यादव ने मौका पर पहुंचकर घटना की जानकारी की। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि अजहर और डैनी समेत कई लड़कों के नाम आए हैं। कोई खास बात नहीं है। मारपीट की मामूली सी घटना है। मामले में खुराफातियों को चिहिन्त कराकर सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।