ताबड़तोड़ घटनाओं पर भी पुलिस के सचेत न होने से चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब दिनदहाड़े घटनाएं हो रही हैं। करगैना में एक प्राइवेट कंपनी के मैनेजर के घर पर चोर छत का जाल काटकर अंदर घुस गए और 20 लाख रुपए की कीमत के आभूषण और सामान चुराकर ले गए। मैनेजर ने सुभाषनगर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मारुति नगर इलाके में 62 वर्षीय रमेश चंद्र शर्मा अपनी पत्नी उमा संग रहते हैं। उनके बेटे पुष्पेंद्र नोएडा में एक मार्केटिंग कंपनी में मैनेजर हैं, साथ ही बहू भी प्राइवेट नौकरी कर रहीं हैं। बेटे पुष्पेंद्र ने बताया कि रविवार को उनके मौसेरे भाई की सगाई का कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने के लिए वह दोनों घर आए थे। घर में आभूषण व अन्य सामान भी मौजूद था। उन्होंने बताया कि दोपहर को वह पिता, मां और पत्नी के साथ राजेंद्र नगर कार्यक्रम में चले गए। शाम साढ़े चार बजे जब वह लौटे तो देखा कि मेनगेट का ताला टूटा हुआ था। कमरे में रखी लोहे की अलमारी टूटी मिली। बेटे पुष्पेंद्र ने बताया कि अलमारी में रखे चार सोने की चूड़ी, चार टॉप्स, एक मंगलसूत्र, कान के एक जोड़ी झाले, चार पाजेब, बैंक पासबुक और तीन लैपटॉप, दो डेबिट कार्ड समेत अन्य करीब 20 लाख रुपए कीमत का सामान चोरी करके ले गए। रमेश चंद्र ने बताया कि चोर छत के जाल को काटकर आंगन में उतर आए और फिर कमरे में घुसकर सामान चोरी करके मेन गेट से भाग गए।
एक टीम घटना स्थल की जांच कर आई है, जल्द ही चोरों का पता लगाया माल बरामद कराया जाएगा।- उमेश सिंह , प्रभारी थानाध्यक्ष